वेडिंग प्लान:26 अप्रैल को डॉ. संकेत भोसले से शादी करेंगी सुगंधा मिश्रा, बोलीं- हमेशा से शादी में 10 किलो का लहंगा पहनना चाहती थी

वेडिंग प्लान:26 अप्रैल को डॉ. संकेत भोसले से शादी करेंगी सुगंधा मिश्रा, बोलीं- हमेशा से शादी में 10 किलो का लहंगा पहनना चाहती थी

कॉमेडियन और प्लेबैक सिंगर सुगंधा मिश्रा 26 अप्रैल को डॉ. संकेत भोसले से जालंधर में शादी करेंगी। पिछले दिनों सगाई कर चुकीं सुगंधा ने इस बात की जानकारी एक बातचीत में दी। इस दौरान एक्ट्रेस ने अपनी शादी का प्लान भी साझा किया। उनकी मानें तो वे अपनी शादी में 10 किलो का लहंगा पहनना चाहती हैं।

ज्यादातर शॉपिंग ऑनलाइन की

टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में सुगंधा ने कहा, "मैंने अपनी शादी की ज्यादातर शॉपिंग ऑनलाइन कर ली है और आपको यकीन नहीं होगा कि मैंने अपने वेडिंग अटायर की तैयारी पिछले साल दिसंबर में शुरू कर दी थी। मैं अपनी शादी की ड्रेस को लेकर बहुत पर्टिकुलर हूं। क्योंकि मेरे लिए यह मायने नहीं रखना कि शादी 20 लोगों की मौजूदगी में हो रही है। मैं हमेशा से अपनी शादी में 10 किलो का लहंगा पहनना चाहती थी। मैं ऑनलाइन भी शादी कर सकती हूं, लेकिन लहंगा जरूर पहनूंगी।"

कॉमिक तरीके से किया था संकेत ने प्रपोज

​​​​​​​सुगंधा ने बातचीत अपनी और संकेत की लव स्टोरी के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, "संकेत ने मुझे बहुत ही कैजुअल और कॉमिक तरीके से प्रपोज किया था। जब हम साथ काम कर रहे थे, तब एक दिन उसने मुझे प्रपोज किया। हमारे आसपास के लोगों ने तो हमें पहले ही कपल मानना शुरू कर दिया था। जब हम साथ बैठे होते थे तो वे वहां से चले जाया करते थे। फिर चाहे वह सेट के लोग हों या फिर फ्रेंड्स। हमें इस पर हंसी आती थी।"

जब सुगंधा ने कहा- हम दोस्ती निभा रहे हैं

सुगंधा और संकेत के लिंकअप की खबरें कुछ समय से आ रही थीं। एक इंटरव्यू में सुगंधा ने कहा था, "हम बहुत अच्छे दोस्त हैं और वो जो 'मैंने प्यार किया' का डायलॉग है न कि 'दोस्ती की है, निभानी पड़ेगी' तो दोस्ती निभा रहे हैं। हमारी केमिस्ट्री बहुत अच्छी है।" सुगंधा 'द कपिल शर्मा शो' में शिक्षिका विद्यावती के रोल में दिख चुकी हैं। जबकि डॉ. संकेत भोसले को इसी शो में संजय दत्त की मिमिक्री करते देखा जा चुका है। दोनों को पिछली बार सुनील ग्रोवर के शो 'गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान' में साथ देखा गया था।