सरिस्का में टाइगर की गूंज और पहाड़ाें पर बादल की: आधे अलवर में औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी, लेकिन आधे जिले में कम, सालों बाद बाबरिया बांध पूरा भरा
दुनिया में प्रसिद्ध सरिस्का टाइगर रिजर्व फॉरेस्ट में जंगल के भीतर टाइगर की गूंज हैं तो पहाड़ों के ऊपर बादलों की गड़गड़ाहट। सरिस्का के जंगल के बीचों बीच बसी अरावली की पहाड़ियों के ऊपर बादल भी बस गए हैं। पिछले कुछ दिनों से यहां का आकर्षण चरम पर पहुंच गया है। नीचे नदी-नालों तक पानी की आवाज। पहाड़ों पर हरियाली और उसके ऊपर दूधिया बादल हैं। बीच-बीच में पक्षियों के गीत इस आकर्षण को बढ़ा देते हैं।
इस बार मानसून की बारिश ने जिले को भी दो भागों में बांट दिया है। आधे अलवर में तो औसत से ज्यादा बारिश होने को है। वहीं आधे में औसत से आधी ही बारिश हो सकी है। सोडावास में तो 633 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि जिले में बारिश का औसत 555 मिमी है। इसी तरह बहरोड़, बानसूर, नीरामणा, मुण्डावर, कोटकासिम सहित आसपास के क्षेत्रों में औसत बारिश पूरी होने को है। दूसरी तरफ थानागाजी, कठूमर, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ व रामगढ़ सहित यहां के आसपास के क्षेत्रों में औसत से आधी ही बारिश हो सकी है। रविवार सुबह से भी जिले के कई हिस्सों में बारिश जारी है।
बाबरिया बांध भर गया, साबी नदी में आवक
सालों बाद में बाबरिया बांध पानी से लबालब हाे गया है। बांध का भराव क्षेत्र सैकड़ों बीघा में है। बाबरिया बांध का पानी दूसरे गांवों की सीमा में बढ़ने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि बाबरिया से गलती गूंता की जमीन है। वहां पानी का फैलाव बढ़ने लगा है। दूसरी तरफ साबी नदी में दो बार पानी की आवक हो चुकी है। नदी में दो से तीन फीट पानी का बहाव आ चुका है। असल में साडेावास में सबसे अधिक 633 एमएम बारिश हुई है। इस क्षेत्र का पानी भी साबी नदी में पहुंचता है।

शनिवार को थानागाजी में अच्छी बारिश
शनिवार के दिन थानागाजी क्षेत्र में अरावली के पहाड़ों का नजारा बेहद खूबसूरत रहा। यहां बादल पहाड़ों पर जम रहे। धूप-छांव के बीच बादलों का आकर्षण रहा। पर्यटकों को बादलों ने खूब लुभाया। बीच-बीच में बारिश होती रही। फिर नालों में पानी का उफान भी आया। यही पानी कई छोटी नदियों में बहता नजर आया। यहां चारों तरफ सरिस्का के जंगल व पहाड़ हैं। जहां इस बार हरियाली चरम पर है। अब बारिश में बादल पहाड़ों पर ही टिके नजर आते हैं। यहां से आने-जाने वाले टूरिस्ट के लिए खूब आकर्षण है।
सुबह 8 बजे तक की बारिश
अलवर 18, रामगढ़ 3, मुण्डावर 14, बहरोड़ 1, बानसूर 23, तिजारा 42, कठूमर 21, किशनगढ़बास 6, मालाखेड़ा 13, राजगढ़ 18, बहादरपुर 5, थानागाजी 43, कोटकासिम 11, अलवर 20, जयसमंद 7, मंगलसर 32, सोड़ावास 20, सिलीसेढ़ 17 मिमी बारिश पिछले 24 घंटे में हुई है।

अब तक कहां-कितनी बारिश हाे चुकी
अलवर 440, रामगढ़ 231, मुण्डावर 541, बहरोड़ 540, बानसूर 452, लक्ष्मणगढ़ 210, तिजारा 367, कठूमर 139, किशनगढ़बास 334, मालाखेड़ा 194, राजगढ़ 168, टपूकड़ा 306, बहादरपुर 300, नीमराणा 401, थानागाजी 213, कोटकासिम 421, गोविंदगढ़ 142, अलवर 362, जयसमंद 238, मंगलवर 167, सोडावास 633, सिलीसेढ़ 200 मिमी बारिश अब तक हो चुकी है।
बांधों में पानी की आवक
सिलीसेढ़ 15 फीट, मंगलसर 11 फीट, मानसरोवर 7 फीट, बघेरीखुर्द 6.5 फीट, बाबरिया बांध में 8 फीट पानी है। इसी तरह सोडावास से निकल रही साबी नदी में दो से तीन फीट पानी का बहाव है। बारा बीयर नदी में भी पानी का बहाव रहा है। आसपास के नालों में शनिवार को पानी की आवक हुई है।


