ट्रेम संचालन:नए एक्सप्रेस वे से दिल्ली व जयपुर हुए दूर, टोल टैक्स के साथ समय भी ज्यादा लगेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने हाल ही दिल्ली-वड़ाेदरा एक्सप्रेस-वे के पहले चरण में साेहना (हरियाणा) से भांडारेज (दाैसा) तक के हिस्से काे उदघाटन कर यातायात के लिए खाेल दिया। दावा किया जा रहा है कि इस नए एक्सप्रेस वे के बनने से दिल्ली-जयपुर की दूरी और समय घट जाएगा, लेकिन अलवर से इसका फायदा मिलता नजर नहीं आ रहा है। इस एक्सप्रेस-वे का 27 किलाेमीटर का हिस्सा अलवर जिले से हाेकर गुजर रहा है। इसके बावजूद अलवर के लाेगाें काे जयपुर या दिल्ली जाने के लिए इस एक्सप्रेस-वे का फायदा मिलने के बजाय नुकसान ज्यादा दिख रहा है।
दरअसल, जयपुर व दिल्ली के बीच एक्सप्रेस-वे के अलावा टाेल टैक्स ज्यादा हाेने से यह सफर महंगा साबित हाेगा। इस एक्सप्रेस-वे पर चलने से दिल्ली और जयपुर की माैजूदा मार्गाें से दूर भी ज्यादा हाे जाती है। दैनिक भास्कर ने पूरे मार्ग काे लेकर विस्तार से पड़ताल की, ताे सामने आया कि यदि अलवर मुख्यालय से पहले एंट्री प्वाइंट शीतल से प्रवेश करेंगे ताे जयपुर की दूरी 173 किलाेमीटर तक हाेगी।
यह अलवर-जयपुर के माैजूदा सड़क मार्गाें वाया सिकंदरा मेगा हाइवे और थानागाजी-शाहपुरा हाईवे के मुकाबले ज्यादा दूर और महंगा है। एक्सप्रेस-वे से जयपुर जाना भी महंगा हाे रहा है। दूसरी ओर, अलवर मुख्यालय से एक्सप्रेस-वे हाेकर दिल्ली जाएं ताे शीतल से एंट्री करने पर दूरी 172 किलाेमीटर हाेगी। यह अलवर से वाया भिवाड़ी हाेकर जाने के मुकाबले 270 रुपए और अलवर से वाया रामगढ़-साेहना हाेकर जाने के मुकाबले 270 रुपए तक महंगा पड़ रहा है।
Naresh Chouhan 

