परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थीयों के लिए 12 अगस्त से परीक्षाएं: आरबीएसई बोर्ड - लॉग इन आईडी से 2 अगस्त से 4 अगस्त के मध्य करवाना होगा पंजीकरण, शपथ पत्र देना जरूरी

परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थीयों के लिए 12 अगस्त से परीक्षाएं: आरबीएसई बोर्ड - लॉग इन आईडी से 2 अगस्त से 4 अगस्त के मध्य करवाना होगा पंजीकरण, शपथ पत्र देना जरूरी
परिणाम से असंतुष्ट परीक्षार्थी भी 12 अगस्त से प्रारम्भ होने वाली इस परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से आवेदन करने वाले स्वयंपाठी व अन्य श्रेणियों में पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षाओं के आयोजन की तिथि घोषित कर दी गई है। बोर्ड की ओर से 12 अगस्त से इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अजमेर बोर्ड ने कोविड-19 के चलते 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को निरस्त कर नियमित विद्यार्थियों का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर गत कक्षाओं के अंक तथा बोर्ड की ओर से निर्धारण सूत्र के आधार पर किया गया है। जबकि स्वयंपाठी व अन्य श्रेणी के विद्यार्थियों का मूल्यांकन परीक्षाओं के आधार पर किया जा रहा है।

विदित रहे कि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के नियमित विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम भी बोर्ड की ओर से घोषित किए जा चुके हैं। इन नतीजों से असंतुष्ट विद्यार्थियों को भी इन परीक्षार्थियों के साथ ही परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया गया है। परीक्षा तिथि की घोषणा के साथ ही बोर्ड ने विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के नतीजे भी घोषित कर दिए हैं।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. डीपी जारौली ने बताया कि बोर्ड की माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, प्रवेशिका, वरिष्ठ उपाध्याय, माध्यमिक वोकेशनल परीक्षा, 2021 में पंजीकृत स्वयंपाठी, श्रेणी सुधार, अंक सुधार, वर्ग परिवर्तन, अतिरिक्त विषय में पंजीकृत परीक्षार्थियों की सैद्धांतिक परीक्षाएं जिला 12 अगस्त से होंगी। जिसे मुख्यालय के परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित किया जाएगा। परिणाम से असंतुष्ट परीक्षार्थी भी 12 अगस्त से प्रारम्भ होने वाली इस परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।

प्रवेश पत्र 7 अगस्त से बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर वितरित किए जाएंगे
परीक्षार्थियों को शाला प्रधान के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट https://rajeduboard.rajasthan.gov.in पर विद्यालय लॉग इन आईडी से 2 अगस्त से 4 अगस्त के मध्य पंजीकरण करवाना होगा। इसके साथ ही परीक्षार्थी को इस आशय का शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उनके बोर्ड की ओर से जारी पूर्व में घोषित परिणाम को निरस्त मानकर इस परीक्षा के प्राप्तांकों को अंतिम परिणाम के रूप में माना जाएगा। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र संबंधित शाला प्रधान 7 अगस्त से बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड कर वितरित करेंगे।