आरोपियों के मोबाइल में मिले सेना के जवानों के फर्जी आईडी कार्ड, OLX पर सामान बेचने का झांसा देकर पैसे ठगने के मिले ट्रांजेक्शन, दोनों से पूछताछ जारी

आरोपियों के मोबाइल में मिले सेना के जवानों के फर्जी आईडी कार्ड, OLX पर सामान बेचने का झांसा देकर पैसे ठगने के मिले ट्रांजेक्शन, दोनों से पूछताछ जारी

भरतपुर पुलिस ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन ऐसी वारदातों पर रोक नहीं लग पा रही है। कैथवाड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दो ठगों को गिरफ्तार किया है। दोनों ठग ऑनलाइन सामान बेचने के बहाने लोगों से ठगी किया करते थे।

कैथवाड़ा थाना अधिकारी राम नरेश ने बताया की मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी की दो ठग बिना नंबर की गाड़ी से पीपलखेड़ा गांव की तरफ आ रहे हैं। दोनों व्यक्ति OLX के नाम पर ऑनलाइन ठगी का काम करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कैथवाड़ा के सरकारी अस्पताल के सामने नाकाबंदी शुरू कर दी। सामने की तरफ आ रहे ठगों ने जैसे ही पुलिसकर्मियों को वर्दी में देखा तो वह भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दोनों ठगों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

दोनों ठगों से जब उनका नाम पूछा तो उसमें से एक ने अपना नाम आबिद उम्र 22 साल बताया जो कैथवाड़ा थाना इलाके के गढ़ी झील पट्टी गांव का रहने वाला था दूसरा आरोपी तौफीक है जिसकी उम्र 20 साल है। वह भी गढ़ी झील पट्टी गांव का रहने वाला है। जिस बाइक पर दोनों ठग आ रहे थे उसके उनके पास कागज भी नहीं थे। दोनों की तलाशी ली तो दोनों के पास एक-एक मोबाइल मिले। उसमें आर्मी के जवानों की फर्जी आईडी, OLX पर डाले गए विज्ञापन, सामान बेचने के लिए लोगों से की गई चैट, पे-टीएम पर लोगों से रुपये डलवाने जैसे कई सबूत मिले जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की तो दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया की वह ऑनलाइन सामान बेचने का झांसा देकर लोगों से ठगी करते हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।