बैंकों में आज भी रहेगी हड़ताल: नकदी नहीं होने से मंडियां रहीं बंद, निजीकरण के विरोध से बैंकों में भी नहीं हो सका लेनदेन
बैंकों में सोमवार को निजीकरण किए जाने के विरोध हड़ताल रही। ताले नहीं खुलने से जिले की 122 शाखाओं में काम नहीं हुआ। इससे काफी लोग परेशान रहे। बैंकिंग सूत्रों का कहना है कि एक दिन में करीब 225 करोड़ रुपए की क्लियरेंस प्रभावित हुई। बाजार में बड़े लेनदेन नहीं हुए। नकदी उपलब्ध नहीं होने से सरसों और अनाज मंडियां भी बंद रहीं जबकि यह फसल खासकर सरसों का पीक सीजन है। इधर, बैंक कर्मियों ने लीड बैंक पंजाब नेशनल बैंक के रीजनल आफिस के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंकों की 9 यूनियनों के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मियों की अधिकांश मांगों को लेकर सरकार संवेदनशील नहीं है। सरकार वेतन समझौता लागू करने, फाइव डे बैंकिंग, विशेष भत्ते को बेसिक में मर्ज, पेंशन पुनरीक्षण, फैमिली पेंशन में सुधार, आफिसर के लिए काम के घंटे तय करने, समान कार्य समान वेतन लागू करने समेत कई मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
सचिव भजन लाल मीणा ने बताया कि अभी निजीकरण के विरोध में दो दिन की हड़ताल की गई है। मंगलवार को भी पीएनबी सुपर बाजार में धरना प्रदर्शन होगा। यूनियन का आह्वान होगा तो लंबा आंदोलन चलाया जाएगा। वक्ताओं में मनोज कुमार, सतीश अग्रवाल, गोपालसिंह, ओपी जैन, ज्ञान शर्मा, राजेश तनेजा, विक्रमसिंह सहित एआईपीएनबीओए, राजस्थान प्रदेश बैंक एंप्लाइज यूनियन, पीएनबीईयू, एमसीईबी, बीओबी, एसबीआई, ओबीसी, कैनरा बैंक के कर्मचारी नेताओं ने विचार रखे।
आज बंद रहेगी नगर की कृषि उपज मंडी समिति
नगर| नगर कस्बे की कृषि उपज मण्डी समिति में मंगलवार को कृषि जिंस खरीद नहीं होगी। क्योंकि मंडी अवकाश रखा जाएगा। यह जानकारी व्यापार मण्डल अध्यक्ष प्रभुदयाल बंसल ने दी
भरतपुर में आज सरसों मंडी खुलेगी
बैंकों की हड़ताल को देखते हुए सरसों मंडी और अनाज मंडी कुम्हेर गेट में सोमवार को कामकाज नहीं हुआ। लेकिन, मंगलवार को मंडी खुली रहेगी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रकाश चंद ने बताया कि यह फसल खासकर सरसों का पीक समय है। मिलों को भी जरूरत है। किसानों को तुरंत फसल का भुगतान करना पड़ता है।
एटीएम में रुपए डालने के लिए किए विशेष इंतजाम
लीड बैंक मैनेजर रविंद्र पांडेय ने बताया कि भी बैंकों में अधिकारी-कर्मचारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल को देखते हुए बैंकों ने एटीएम में कैश फ्लो बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।


