पत्र वायरल: होली पर दोस्तों ने शराब पिलाई तो बीवी नाराज होकर मायके गई, अब घर बचाने के लिए 10 दिन की छुट्टी मांग रहा कंडक्टर

पत्र वायरल: होली पर दोस्तों ने शराब पिलाई तो बीवी नाराज होकर मायके गई, अब घर बचाने के लिए 10 दिन की छुट्टी मांग रहा कंडक्टर

राजस्थान रोडवेज में भरतपुर आगार के एक कंडक्टर की ओर से मैनेजर को छुट्टी के लिए लिखा गया रोचक पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसमें उसने अपनी व्यथा को बड़े ही मार्मिक ढंग से चित्रित किया है। लेकिन, पत्र वायरल होने के बाद जहां रोडवेज के अधिकारी इस मामले को दबाने के लिए इसे फर्जी बता रहे हैं। वहीं रोडवेज के ही कुछ कर्मचारियों का कहना है कि यह पत्र सही है। आगरा जिले के रहने वाले कंडक्टर ने इसे कंप्यूटर पर टाइप करवाया था।

लेकिन, किसी ने इसे वायरल कर दिया। अब बदनामी डिपो और रोडवेज की बदनामी की वजह से इसे जाहिर नहीं किया जा रहा है। भास्कर संवाददाता ने जब फोन नंबर तलाशकर इस कंडक्टर से बात की तो उसने कहा कि कंप्यूटर पर जब पत्र टाइप हुआ तो वह वहां मौजूद नहीं था। लेकिन, जब उससे कुछ और सवाल पूछे गए तो वह चुप्पी साध गया और फोन बंद कर दिया।

छुट्‌टी मांगने के लिए कंडक्टर ने पत्र में कुछ इस तरह लिखी अपनी पीड़ा
सोशल मीडिया में वायरल इस पत्र में कंडक्टर का नाम-पदनाम और पते के स्थान पर केवल दस्तखत हैं। तारीख भी अंग्रेजी स्टाइल 4/6/2021 में लिखी है। इसमें उसने कहा है कि होली पर कुछ दोस्तों ने उसे शराब पिला दी थी। इससे पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। अब वह तलाक मांग रही है और आने को तैयार नहीं है। अब उसे मनाकर लाने और घर बचाने के लिए 10 दिन की छुट्टी चाहिए। व्यस्तता की वजह से उसकी फसल भी नहीं कट पाई है। वह पेटीज और फेन से काम चला रहा है और सुबह ब्रेक खाकर काम चलाना पड़ रहा है।