गुर्जरों का पटरी उखाड़ आंदोलन 60 ट्रेनें डायवर्ट दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक की फिश प्लेटें उखाड़ीं

गुर्जरों का पटरी उखाड़ आंदोलन 60 ट्रेनें डायवर्ट दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक की फिश प्लेटें उखाड़ीं

राजस्थान में मोस्ट बैकवर्ड क्लास (एमबीसी) में बैकलॉग की भर्तियों समेत अन्य मांगों को लेकर किरोड़ी सिंह बैसला गुट के गुर्जरों ने रविवार को फिर भरतपुर के बयाना स्थित पीलूपुरा के पास रेलवे ट्रैक पर कब्जा कर लिया। इस दौरान कुछ युवाओं ने दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक की फिश प्लेटें उखाड़ दीं। गुर्जर समाज के कुछ पंच-पटेलों के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने नुकसान पहुंचाना बंद किया। फिर भी कुछ लोग पटरियों पर बैठ गए। इसकारण, करीब 60 ट्रेनें प्रभावित हुईं, जिनमें 40 मालगाड़ी भी हैं। कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया जबकि दो स्थगित करनी पड़ीं।

यही नहीं, रोडवेज के पांच बड़े डिपो दौसा, हिंडौन, करौली, भरतपुर और बयाना से आगरा और आसपास के एरिया में जाने वाली करीब 220 बसों को रोक दिया गया। इस कारण सैकड़ों लोग जहां-तहां फंस गए। इस बीच, सरकार की ओर से बैंसला से वार्ता करने गए खेल मंत्री अशोक चांदना खाली हाथ ही जयपुर लौट गए।

भास्कर से बातचीत में चांदना ने बताया- मैं आंदोलनस्थल से एक किमी पहले तक पहुंच गया था लेकिन भारी जाम के कारण आगे नहीं जा सका। फिर किरोड़ी बैंसला से बात की। उन्होंने कहा कि मेरी तबीयत ठीक नहीं, आप मेरे बेटे विजय बैंसला से बात कर लें। विजय को फोन किया तो उन्होंने कहा कि मैं 2-4 मिनट में कॉल करता हूं, लेकिन मुझसे दोबारा संपर्क ही नहीं किया। मैं वापस जयपुर जा रहा हूं। कल विधानसभा सत्र है। मैं और कुछ नहीं कह सकता।

सीएम गहलोत ने मांगें पूरी करने का भरोसा दिलाया...बैंसला ने खुद सभा में बताया कि मुख्यमंत्री से फोन पर बात हो गई

कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने सभा में कहा कि उनके पास सीएम अशोक गहलोत का फोन आया था। उन्होंने उनसे विस्तार से बात करने के साथ ही भरोसा दिलाया है कि वे गुर्जर समाज की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करेंगे। इसलिए हमें मुख्यमंत्री गहलोत पर एक बार और भरोसा करना चाहिए।

विपक्ष का पलटवार; राजेंद्र राठौड़ ने कहा- सरकार ने समझौते के बाद भी शर्तें नहीं मानीं इसलिए ये नौबत

उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा- प्रदेश सरकार ने गुर्जरों से समझौता किया था लेकिन अब तक उनकी मांगें नहीं मानी हैं। इसलिए वे पटरी पर हैं और कई ट्रेनें बाधित हो गईं, जिससे सैकड़ों आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।

नहरा क्षेत्र के 41 सदस्यीय गुर्जरों से हुए समझौते को बैंसला ने लॉलीपॉप बताया

नहरा क्षेत्र के 41 सदस्यीय गुर्जरों से हुए समझौते को बैंसला ने लॉलीपॉप बताया

शाम करीब 5.30 बजे बयाना एसडीएम सुनील आर्य नहरा क्षेत्र के 41 सदस्यीय गुर्जर प्रतिनिधि मंडल से 14 बिंदुओं पर हुए समझौते की कॉपी लेकर कर्नल किरोड़ी बैंसला के पास पहुंचे। जैसे ही उन्होंने समझौता पढ़ना शुरू किया तो कर्नल ने एसडीएम से कहा कि वे विजय बैंसला को बताएं। बाद में विजय बैंसला ने इस समझौते को लॉलीपॉप कहकर खारिज कर दिया। बता दें कि इस गुट ने शुक्रवार शाम सरकार से वार्ता की थी।