सीएम की अपील लाई रंग, 45 शादियां रद्द: कोरोना संक्रमण से शादियां स्थगित करने वालों को जिला प्रशासन दे रहा अभिनंदन पत्र; लिखा- कोरोना महामारी में आपका यह कदम सराहनीय
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अपील पर लोग कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शादियां और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों को स्थगित कर रहे हैं। साथ ही ऐसा करने वाले लोगों का जिला प्रशासन सम्मान भी कर रहा है जिससे अन्य लोग भी इससे प्रेरणा ले सकें और कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने में सामाजिक सरोकार निभा सकें। सीएम की पहले के बाद अभी तक जिले में करीब 45 शादियां कैंसिल हो चुकी हैं। जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी लोगों के लिए प्रेरणा जागरूकता के चलते जिन लोगों की हाल ही शादी होने वाली है वे शादियों को स्थगित कर रहे हैं जिसके लिए उनको जिला प्रशासन सम्मानित कर रहा है।
साथ ही समाज में सभी लोगों से अपील की जा रही है कि फिलहाल किसी भी प्रकार के समारोह का आयोजन ना करें और सभी कार्यक्रमों को स्थगित करें जिससे कोरोना संक्रमण पर काबू पाया जा सके। भरतपुर तहसील के गांव जाटौली रथवान निवासी शैलेन्द्र सिंह की बेटी रिंकी की शादी, हथैनी निवासी पूर्व सरपंच चन्द्रपाल के बेटे से होनी थी, लेजिन कोरोना महामारी को देखते हुए विवाह समारोह को स्थगित कर दिया गया।
इसी तरह पहाड़ी थाना इलाके मे बयाना तहसील के हरनगर निवासी पंकज सिंह पुत्र पृथ्वी सिंह धाकड ने भी अपने पुत्र की शादी स्थगित की है। अभिनंदन पत्र में लिखा है - आपने कोरोना महामारी को देखते हुए स्चेच्छा से अपना विवाह निरस्त कर दिया है। आपका यह कदम अत्यंत सराहनीय एसं प्रशंसनीय है। प्रशासन इसके लिए आपको धन्यवाद ज्ञापित करता है।
रोजाना औसतन 117 लोग रोजाना संक्रमित हो रहे
भरतपुर जिले में कोरोना का खतरा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। रोजाना औसतन 117 लोग रोजाना संक्रमित हो रहे हैं। पिछले 15 दिन की बात करें तो जिले में 1764 लोग संक्रमित हो चुके हैं जिसमें से 1031 लोग ठीक हो चुके है। मंगलवार को कोरोना संक्रमितों के 148 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा बात करें कुल रोगियों की तो जिले में 1372 इस समय एक्टिव केस हैं जिनका इलाज जारी है।


