दाम बढ़े:पेट्रोल 20-डीजल 23 पैसे और महंगा, डीजल 89.68 तो पेट्रोल 97.18 रुपए प्रति लीटर हुआ
पेट्रोल-डीजल के दामों में दूसरे दिन भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले साल के मुकाबले घरेलू गैस सिलेंडर भी आम उपभोक्ता को 230 रुपए महंगा खरीदना पड़ रहा है। ऐसे में पिछले एक साल से कोरोना महामारी झेल रहा मध्यम वर्ग और गरीब तबका पूरी तरह टूट चुका है। बुधवार को पेट्रोल के दाम में 20 पैसे और डीजल के दाम में 23 पैसे बढ़ाए गए हैं। अब डीजल 89.68 रुपए और पेट्रोल 97.18 रुपए लीटर हो गया है और पेट्रोल अब 100.23 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।
उधर, पिछले साल मई माह में घरेलू गैस सिलेंडर 583 रुपए का मिल रहा था और कमर्शियल गैस सिलेंडर 1040.5 का दिया जा रहा था, जबकि कोरोना महामारी के बावजूद अब घरेलू गैस सिलेंडर 813 रुपए और कामर्शियल गैस सिलेंडर 1610.50 रुपए में मिल रहा है। यही नहीं घरेलू उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी भी केंद्र सरकार ने बंद कर दी है।
इस बारे में एलपीजी फेडरेशन ऑफ राजस्थान के महासचिव कार्तिकेय गौड़ ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते होटल ढाबे बंद हो चुके हैं और सब्सिडी बंद होने से घरेलू गैस सिलेंडर की डिमांड में भी 23% की कमी आई है। पेट्रोल डीजल पिछले साल के मुकाबले इस साल 13 से ₹14 लीटर महंगा हुआ है। ऐसे में अगर दाम बढ़ाए जाते हैं तो आम आदमी पर इसका भार पड़ेगा। बंगाल चुनाव के बाद डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका थी ही। आने वाले समय में यह बढ़ोतरी भी लगातार जारी रह सकती है। सरकार को चाहिए कि कीमतें कम कर लोगों को राहत दी जाए।


