बहन को प्रवेश पत्र दिलाने आए युवक ने की फायरिंग, राहगीर समेत 2 घायल
बिना सोचे-समझे किसी से मजाक न करें। अन्यथा भारी पड़ सकता है। ऐसा ही मामला शुक्रवार सुबह 10.30 बजे कस्बे में बस स्टैंड के पीछे सामने आया। जब बहन को परीक्षा प्रवेश पत्र दिलाने आए सिरथला निवासी धीरेंद्र गुर्जर से सीकरी चुंगी पर खड़े पूर्व परिचित सचिन ने मजाक कर लिया। बाद में यह मजाक आपसी कहासुनी में बदल गई। विवाद ऐसा बढ़ा कि बस स्टैंड के पीछे स्थित गिर्राज कॉलोनी में दोनों आमने-सामने हो गए।
इसी दौरान धीरेंद्र गुर्जर ने अवैध कट्टे से फायर कर दिया। इसके छर्रे लगने से सचिन और सतनहाना करके लौट रहा सुरेश खंडेलवाल घायल हो गया। फायरिंग की इस घटना से बस स्टैंड क्षेत्र में सनसनी फैल गई। उधऱ, लहूलुहान हालत में दोनों को इलाज के लिए पहले जगपत सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया।
इधर, फायरिंग की सूचना पर सीओ सत्यप्रकाश मीणा और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां आसपास और मौहल्ले के लोगों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके साथ ही इस रंजिश की वजह से कस्बे में फिर अशांति न फैले इसलिए डीग, सीकरी और गोपालगढ़ थाने से पुलिस बुलाकर कस्बे में तैनात की गई है। फायरिंग करने वाले युवकों को पकड़ने के लिए कई जगह दबिश दी गई है।
एसआई कमरूद्दीन ने बताया कि फायरिंग की घटना के संबंध में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसमें पेण्डका निवासी सचिन पुत्र महेन्द्र गुर्जर का आरोप है कि वह शुक्रवार सुबह 10.30 बजे रेलवे स्टेशन स्थित रामसहाय अखाड़ा से ज्यूस पीने के लिए बस स्टैंड आ रहा था।
तभी रास्ते में डाक बंगला के पास सिरथला निवासी धीरेंद्र और हरेन्द्र पुत्र ईश्वर, शिवराम पुत्र हरी एवं राम प्रवेश पुत्र केशर गुर्जर दो बाइकों पर आए। पुरानी रंजिश को लेकर धीरेंद्र और रामप्रवेश ने उस पर कट्टे से फायर कर दिया। इससे सचिन और एक राहगीर घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर कॉॅलोनी के लोग एवं गांव पैंडका के ही महेन्द्र, लेखराज एवं रनवीर भी आ गए। उन्हें देखकर हमलावर भाग गए।


