लोहागढ़ स्टेडियम में 8 करोड़ से बनेगा मल्टीपरपज इंडोर हॉल, डीग, कुम्हेर और मौरोली में बनेंगे स्टेडियम

Jun 18, 2021 - 06:05
Jun 18, 2021 - 06:09
लोहागढ़ स्टेडियम में 8 करोड़ से बनेगा मल्टीपरपज इंडोर हॉल, डीग, कुम्हेर और मौरोली में बनेंगे स्टेडियम

डीग, कुम्हेर और मौरोली में खेल स्टेडियम बनाने के साथ ही जिला मुख्यालय स्थित लोहागढ़ स्टेडियम में इंडोर मल्टीपरपज हॉल भी बनाया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 17 करोड़ रुपए का बजट जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 4 मार्च को ही वर्ष 2021-22 के बजट में ये घोषणाएं की थीं। युवा मामले एवं खेल विभाग के निर्देशानुसार खेल मैदानों के निर्माण कार्य राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा करवाए जाएंगे।

जिला खेल अधिकारी सत्य प्रकाश लुहाच ने बताया कि लोहागढ़ स्टेडियम के मल्टीपरपज इंडोर हॉल पर करीब 8 करोड़ और डीग, कुम्हेर एवं बयाना के मौरोली में खेल स्टेडियम पर 3-3 करोड़ रुपए की लागत आएगी। खेल स्टेडियम के लिए संबंधित तहसीलों में जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। निर्माण के लिए बजट आवंटित मिल चुका है। इनके अलावा नगर, नदबई और पहाड़ी में भी 25-25 लाख रुपए से खेल स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव है।

प्रत्येक ब्लॉक पर बनेंगे मेजर ध्यानचंद स्टेडियमः
बजट घोषणा के मुताबिक भरतपुर जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम बनाए जाएंगे। इनके लिए विधायक, सांंसद निधि के साथ ही अन्य जन प्रतिनिधियों से जन सहयोग लेने के साथ ही सीएसआर से भी राशि लेने के प्रयास किए जाएंगे। युवा मामले एवं खेल विभाग भी लागत की 50 प्रतिशत तक राशि वहन करेगा।