बदलाव:रीट के लिए ग्रेजुएशन में 50 फीसदी अंक जरूरी
दो साल से शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटे प्रदेश के तीन लाख से अधिक बेरोजगारों की नौकरी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। रीट 2021 में स्नातक में 50 फीसदी से कम अंक वाले अभ्यर्थी शामिल नहीं हो सकेंगे। जिन अभ्यर्थियों के स्नातक में 50 फीसदी अंक नहीं है, लेकिन स्नातकोत्तर में 50 फीसदी अंक हैं। वहीं रीट 2021 के लिए आवेदन कर सकेंगे। चार वर्ष पहले हुई रीट भर्ती में यह पात्रता जोड़ी गई थी। लेकिन बाद में अभ्यर्थियों ने न्यायालय में याचिका दायर की थी। इस पर अभ्यर्थियों को छूट भी मिली थी।
इधर, बेरोजगारों का कहना है कि बीएड के पाठ्यक्रम में जब स्नातक के बिना अंक देखकर प्रवेश दिया जा रहा है तो नौकरी में इस तरह का भेदभाव क्यों। कोचिंग संस्थाओं को 18 जनवरी से छूट मिलने के आदेश के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले संस्थाओं ने तैयारी तेज कर दी है। कई कोचिंग संस्थाओं ने रीट के लिए अभी से पंजीयन शुरू कर दिया है। कई कोचिंग संस्थाओं की ओर से ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहेगी। बीएड व बीएसटीसी अभ्यर्थियों को फिलहाल रीट भर्ती की विस्तृत विज्ञप्ति का इंतजार है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि इसी बिज्ञप्ति के आधार पर योग्यता व पाठ्यक्रम सहित अन्य मुद्दे पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगे। पहले रीट की नोडल एजेंसी राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से पूरी विज्ञप्ति जारी करने की योजना थी। लेकिन प्रदेश में आचार संहिता लगने की वजह से संक्षिप्त विज्ञप्ति जारी की गई। रीट की परीक्षा पैटर्न में किए बदलाव के अनुसार पहली बार अब रीट लेवल-1 के लिए बीएड वाले योग्य नहीं होंगे।
क्योंकि सरकार का मानना है कि शिक्षक बनने के बाद बीएड वालों को 6 माह का ब्रिज कोर्स करना होता है। प्रदेश में इसकी कोई संस्था में नहीं है। इसलिए नियम में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही यदि यूजी या पीजी किसी में भी 50 फीसदी अंक हैं तो भी पात्र होंगे। शिक्षक भर्ती में लेवल-2 में रीट-आरटेट के अंकों का 90 फीसदी व स्नातक के अंकों का 10 फीसदी वेटेज जोड़कर मेरिट बनाई जाएगी।
8 फरवरी तक होंगे आवेदन, चालान 4 फरवरी तक जमा होंगे
रीट 2021 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जनवरी से शुरू होगी। आवेदन फार्म आठ फरवरी तक भरे जा सकेंगे। बैंक में चालान चार फरवरी तक जमा होगा। इस साल रीट के एक प्रश्न पत्र में शामिल होने के लिए 550 और दोनों प्रश्न पत्रों में शामिल होने के लिए 750 रुपए देने होंगे।


