रीट 51 743 अभ्यर्थी होंगे शामिल, 397 स्कूली और 147 प्राइवेट वाहन भी चलेंगे

रीट 51 743 अभ्यर्थी होंगे शामिल, 397 स्कूली और 147 प्राइवेट वाहन भी चलेंगे

26 सितंबर को दो पारियों में होने वाली रीट में जिले में कुल 51 हजार 743 अभ्यर्थी शामिल होंगे। रीट के परीक्षा केन्द्र पर जैमर लगाए जाएंगे। ये भी संभावना है कि परीक्षा के समय इंटरनेट सेवा को ही बंद किया जा सकता है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर आधा घंटे पहले सुबह की पारी में 9.30 बजे और दूसरी पारी में 2 बजे तक ही प्रवेश लेना जरूरी होगा।

परीक्षा पहली पारी में सुबह 10 से 12.30 बजे लेवल सैकंड की होगी, उसके बाद दोपहर 2.30 से 5 बजे तक लेवल फस्ट की होगी। जिला परीक्षा समन्वयक डा. अशोक अग्रवाल के मुताबिक दो पारियों में होने वाली इस परीक्षा के लिए ब्लाक स्तर तक 199 परीक्षा केन्द्र बनाए हैं। इनमें 120 प्राइवेट और 79 सरकारी स्कूलों में हैं।

दोनों पारियों में कुल 51 हजार 743 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे, जिनमें 2545 अन्य प्रदेशों के परीक्षार्थियों सहित 28 हजार 706 अन्य जिलों से आएंगे। भरतपुर के लोकल अभ्यर्थी 23 हजार 37 होंगे। दूसरी ओर 24119 अभ्यर्थियों का सेंटर दूसरे जिलों में होने की वजह से भरतपुर से बाहर जाएंगे।

नुमाइश मैदान से होगा संचालन
आरटीओ सतीश कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों को लाने और ले जाने के लिए करीब 400 रोडवेज बसों की आवश्यकता है, लेकिन रोडवेज के पास सिर्फ 125 बसें हैं। ऐसे में जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों को होने वाली परेशानी से बचाने के लिए एक अहम निर्णय लिया है। जिले के 147 प्राइवेट और 397 स्कूली वाहनों को अधिकृत किया गया है।

ये सभी वाहन 23 सितंबर से 30 सितंबर तक अथवा जब तक परीक्षार्थियों को आने-जाने का सिलसिला जारी रहेगा तब तक संचालित होंगे। ये सभी नुमाइश ग्राउंड से संचालित होंगे। इसमें सबसे अहम बात यह है कि परीक्षार्थियों को किराया चुकाना होगा। इसके अलावा रोडवेज की 125 बसें भी नियमित रूप से चलेंगी।