कक्षा 6 से 8वीं तक के स्कूल खुले, पहले दिन बहुत ही कम संख्या में पहुंचे विद्यार्थी
साेमवार काे राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय खुल गए। जिसमें कक्षा 6 से 7 और 8 तक के बच्चे स्कूल पढ़ने के लिए पहुंचे। पहले दिन विद्यालयों में बच्चे ना के बराबर पहुंचे और जो बच्चे पहुंचे। काेराेना गाइडलाइन की पालना हुई। बच्चों ने मास्क लगाया था। पहले दिन बैठक व्यवस्था एवं परिचय में बीता।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मथुरा गेट में 44 बच्चों में से कुल 17 बच्चे अाए। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कच्चा कुंडा गोपालगढ़ में 47 बच्चों में से कुल 14 बच्चे स्कूल पहुंचे। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय न्यू मथुरा गेट में बहुत कम बच्चे स्कूल पहुंचे। बच्चों का आज पहला दिन स्कूल में मस्ती के साथ-साथ पढ़ाई में व्यतीत हुआ। आठवीं क्लास की शिवानी, उत्तम, लकी और पंकज ने बताया कि काेराेना के कारण 2 साल से घर पर ही रहकर पढ़ाई की।
कोरोना काल बहुत ही डरावना रहा। स्कूल बंद होने से घर में मन नहीं लगता था। हम सोचते थे कि कब स्कूल खुलेंगे और कब हम पढ़ने के लिए स्कूल जाएंगे। अब स्कूल खुल गए हैं तो स्कूल में आकर हमें बहुत अच्छा लग रहा है।
कच्चा कुंडा गोपालगढ़ स्कूल में बच्चे लाइन लगाकर जमीन पर बैठकर पढ़ते हुए मिले जिनमें कुछ टीचर आराम से कुर्सियों पर बैठकर अपने मोबाइलों में व्यस्त दिखाई दी। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मथुरा गेट की प्रधानाचार्य रजनी उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय खुलने से पहले ही सभी कमरों की साफ सफाई कराई गई और सेनेटाइजर कराया।
बयाना। प्रदेश में करीब 5 माह के इंतजार के बाद सोमवार से कक्षा 6 से 8 तक के स्कूल भी खुल गए। हालांकि पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम रही। उधर, अभिभावक भी अभी कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के चलते बच्चों को स्कूल भेजने में कतरा रहे हैं। हालांकि स्कूल खुलने से निजी स्कूल संचालकों को राहत की सांस मिली है।
वहीं काफी समय बाद स्कूल पहुंचे बच्चे भी खुश नजर आए। निजी स्कूल संचालकों ने बच्चों के आने की खुशी में पूरी तैयारी कर रखी थी। वहीं सरकारी विद्यालयों में भी कोरोना गाइड लाइन की पालना का ध्यान रखा गया। सुबह विद्यालय के गेट पर शिक्षकों ने खड़े होकर बच्चों को आवश्यक रूप से मास्क लगाने की नसीहत दी।
कस्बे से सटे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भीमनगर में कार्यवाहक प्रधानाध्यापक गंगाराम ने बताया कि कक्षा 6 से 8 तक विद्यालय में कुल 112 बच्चे हैं। जिनमें से सोमवार को 38 बच्चे उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि बच्चों को मास्क व सैनेटाइजर के उपयोग के बारे में समझाया गया।
कुम्हेर| प्रदेश में कोरोना संक्रमण का असर कम होने के साथ ही अब कक्षा 6वीं से 8वीं तक स्कूल खुल गये हैं। सरकार के आदेश के बाद सोमवार से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के स्टूडेंट्स को भी ऑड-ईवन फॉर्मूले पर प्रवेश दिया गया। इस दौरान स्टूडेंट्स को सोशल के साथ क्लास में बैठाया गया।


