मौसम का मिजाज: आज 40 से 50 किमी की गति से आ सकता है अंधड़, भरतपुर समेत 17 जिलों में यलो अलर्ट

Apr 29, 2021 - 07:51
Apr 29, 2021 - 07:53
मौसम का मिजाज: आज 40 से 50 किमी की गति से आ सकता है अंधड़, भरतपुर समेत 17 जिलों में यलो अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से गुजराती गर्म हवाएं फिर प्रभावी हो गई हैं। पश्चिम-दक्षिण राजस्थान में चक्रवात बन गया हैं। इसका गुरुवार को जोरदार असर देखने को मिल सकता है। इसलिए, मौैसम विभाग ने भरतपुर सहित 17 जिलों को यलो अलर्ट मोड पर रखा है। क्योंकि गुरुवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसलिए तेज अंधड़ से लोग सावधान रहें। सामान को सुरक्षित रखें।

मौसम विशेषज्ञ आरके सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के बुधवार को सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आ रहे हैं। इसका असर बुधवार से ही दिखने लगा। इस दिन भी धूलभरी आंधी चली। जिससे धूप का असर कम हा़े गया। इससे मौसम में गर्माहट रही। लेकिन, दिन के तापमान में कुछ कमी आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात के तापमान में 2.3 डिग्री का इजाफा हुआ है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।

यह इस सीजन की सबसे गर्म रात रही। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भरतपुर सहित धाैलपुर, कराैली, सवाई माधाेपुर, काेटा, दाैसा, जयपुर, अजमेर, बूंदी, भीलवाड़ा, टाेंक, सीकर, झुंझनू, बारां, बांसवाड़ा, झालावाड़ आदि में अंधड़ आने की संभावना है।