गहलोत की अपील बेअसर: मुख्यमंत्री ने जनता से विवाह टालने को कहा था, फिर भी अकेले मई में 200 से अधिक शादियां; 31 से ज्यादा संख्या हुई तो 1 लाख भरना होगा जुर्माना
कोरोना महामारी को देखते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आमजन से शादियां टालने की अपील की है। पहले की तुलना में सख्ती करते हुए अब शादी समारोह में 31 लोगों से अधिक पहुंचने पर एक लाख रुपये जुर्माने तक का प्रावधान किया गया। फिर भी अधिकतर लोगों पर इस अपील का कोई असर नहीं है। मई माह में 200 से अधिक शादियां होने वाली हैं। इसकी पुष्टि फेरे कराने वाले पंडित करते हैं। पंडितों की मानें तो अलवर जिले में पहले से निर्धारित ज्यादातर शादियां नहीं टाली गई हैं। यह सही है कि कोरोना महामारी के कारण शादियां पहले से कम तय हुई हैं।
शादी खर्च से ज्यादा जुर्माना
असल में सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 31 लोग ही शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं। इससे अधिक आए तो 1 लाख रुपए का जुर्माना हो सकता है। यह शादी खर्च से भी ज्यादा इसलिए है कि 31 लोगों के समारोह में इससे अधिक राशि खर्च नहीं होती है।
प्रशासन को सख्त निर्देश
कोरोना संक्रमण बेकाबू है। मरीजों को अस्पतालों में बेड नहीं मिल पा रहे हैं। इसके कारण काफी मरीजों की मौत भी हो चुकी है। हालात विकट होने लगे हैं। शादी समारोह में संक्रमण तेजी से फैलने का डर रहता है। जिसे देखते हुए प्रशासन ने सरकार की नई गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने को कहा है।
गांवों में शादियां ज्यादा
असल में अब शहर व कस्बों में शादियां कम हैं। यहां लोग भी कम आते हैं। लेकिन, अलवर जिले के गांवों में अब भी छोटे-छोटे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। अब गांवों में भी संक्रमण बहुत तेजी से फैल चुका है। गांवों के मरीजों को अलवर के अस्पतालों में बेड नहीं मिलने की परेशानी किसी से छुपी नहीं है। अस्पतालों में ऑक्सीजन पूरी नहीं मिल पा रही है। इससे इस महामारी में मुश्किलें तेजी से बढ़ी हैं। इन हालात को काबू में रखने के लिए यह सख्ती की गई है।
अलवर में मई माह में शादियां
पंडितों के अनुसार मई माह में 3, 4, 7, 8, 15,22, 23, 24, 30 व 31 मई को शादी के सावे हैं। खास बात यह है कि इन तारीखों को प्रशासन की पूरी नजर रहेगी। गाइडलाइन का उल्लंघन मिला तो हाथोंहाथ एक लाख का जुर्माना हो सकता है। शादी की सूचना नहीं देने पर अलग से 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।


