मादक पदार्थ के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार:6 ग्राम स्मैक और एक कार बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

मादक पदार्थ के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार:6 ग्राम स्मैक और एक कार बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

जालोर जिले की बिशनगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 ग्राम स्मैक के साथ 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एक कार भी जब्त की है।

बिशनगढ़ थानाधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि शाम को साढ़े 6 बजे जालोर रोड पर बिशनगढ़ तिराहे पर नाकाबंदी कर सभी वाहनों को जांच की जा रही थी। इस दौरान करीब 7 बजे नरसाणा गांव की ओर से एक अर्टिका कार आई, जिसे रुकवाकर पूछताछ की तो ड्राइवर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो रामदेव कॉलोनी (जालोर) निवासी रमेश कुमार (22) पुत्र दोलाराम माली ने अपने पास 6 ग्राम स्मैक होना बताया और कार भी खुद की बताई। वहीं रमेश के साथ में मौजूद रामपुरा कॉलोनी जालोर निवासी प्रकाश कुमार (36) पुत्र धुखा राम ने बताया कि हम स्मैक लेने के लिए धवा गए थे। वहीं से स्मैक लेकर वापस लौट रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।