वन मंत्री के क्षेत्र में बिना संसाधन पैंथर को पकड़ने की कोशिश
हाड़ेचा/जालोर: प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई के विधानसभा क्षेत्र में पैंथर की दहशत दूसरे दिन भी रही। गुजरात की सीमा से गुरुवार सुबह जिले में वांक गांव से प्रवेश किया एवं देर रात्रि तक दांतिया गांव में दहशत फैलाता रहा। इसके बाद गुरुवार रात दांतिया से होते हुए बिछावाड़ी ग्राम पंचायत के पिथाणियों की ढाणी से काछेला-बगसड़ी तक करीब 15 किमी का सफर तय करते हुए पहुंच गया है।
मेडिकल व्यवसायी की कटर से गला काट हत्या (यह भी पढ़ें)
इधर, पैंथर का रेस्क्यू ऑपरेशन करने के लिए जोधपुर से रेस्क्यू की टीम भी गुरुवार देर रात मौके पर पहुंच गई, लेकिन टीम के पास न तो रेस्क्यू वाहन था और न ही अन्य संसाधन। इसके चलते दूसरे दिन भी स्थानीय वन विभाग व जोधपुर से आई टीम को सफलता नहीं मिल पाई। ऐसे में शुक्रवार देर शाम तक पैंथर काछेला-बगसड़ी के सरहद में स्थित झाड़ियों में छिपा रहा। उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां पहुंच गए।
अस्सी फीट ऊंची टंकी पर चढ़कर नीचे कूद गया युवक (यह भी पढ़ें)
रेस्क्यू को लेकर यह टीम रही मौजूद : पैंथर को पकड़ने के लिए वन विभाग व रेस्क्यू की टीम मौजूद रही। जिसमें डीएफओ मंगलसिंह राठौड़, रेंजर श्रीराम विश्नोई, रेस्क्यू प्रभारी डॉ. ज्ञानप्रकाश, शूटर बंशीलाल सांखला, राजेन्द्र भाटी, वनपाल किशोर सिंह, तेजाराम, वन रक्षक जवाराराम व ओमप्रकाश, हनुमानराम, श्रवण कुमार, संजय कुमार, भंवर लाल, भगवती विश्नोई, दिनेश कुमार वनपाल समेत सरवाना पुलिस की टीम मौजूद रही।


