राजस्थान के 5 जिलों में फैला बर्ड फ्लू प्रदेशभर में अलर्ट
राजस्थान में अब बर्ड फ्लू के नए खतरे ने दस्तक दे दी है। चिंता की बात यह है कि यह अब और तेज गति से फैलने लगा है। झालावाड़ में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद शनिवार को पहली बार कोटा और पाली में भी कौओं की मौत हुई। अब यह 5 जिलों में फैल चुका है। शनिवार को बारां में 19, झालावाड़ में 15 और कोटा के रामगंजमंडी में 22 और कौओं की मौत हुई। कोटा संभाग के इन्हीं तीन जिलों में अब तक 177 कौओं की मौत हो चुकी है।
बारां में एक किंग फिशर और मेगपाई की भी मौत हाे चुकी है। इसके अलावा पाली के सुमेरपुर में भी अलग-अलग जगह 8 काैअे मृत मिले हैं। जोधपुर में शनिवार को कोई मौत नहीं हुई लेकिन यहां अब तक सवार्धिक 152 कौअे मरे हैं। कोटा संभाग में बर्ड फ्लू के कारण लोगों में दहशत है। झालावाड़ के छोड़कर बाकी जगह के सैंपल नहीं आए हैं, लेकिन मौतों काे देखते हुए चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन, एमएल मीना प्रदेशभर में अलर्ट जारी कर चुके हैं। झालावाड़ में कंट्रोल रूम बन चुका है। बाकी जगह भी बना रहे हैं। बारां में 1-1 किंग फिशर और मेगपाई पक्षियाें की भी मौत, यहां 38 मुर्गियां भी मृत मिली। सभी के सैंपल भोपाल भेजे गए।
यदि मुर्गियाें में बर्ड फ्लू का वायरस पाया गया तो यह सबसे बड़ा खतरा होगा। क्योंकि मुर्गियों से इंसानों में वायरस फैलने की सबसे अधिक संभावना है। इसके अलावा शीतकालीन प्रवास के लिए हजारों की संख्या में विदेशी पक्षी प्रदेश में आए हैं। इनमें भी वायरस का डर सताने लगा है। सांभर झील त्रासदी के समय भी सबसे अधिक विदेशी पक्षी ही भेंट चढ़े थे। जापान में बर्ड फ्लू (एच5एन8) तेजी से फैल रहा है। देश के 47 में से 10 जिले प्रभावित। अब तक 30 लाख मुर्गियां मार दी गई हैं।


