आज से खुलेंगे कक्षा 9 से 12 के निजी-सरकारी स्कूल और कॉलेज

आज से खुलेंगे कक्षा 9 से 12 के निजी-सरकारी स्कूल और कॉलेज
अभी 1 से 8 के लिए चलेगी ऑनलाइन पढ़ाई

कोरोना महामारी के चलते 10 माह से बंद सरकारी और निजी स्कूल सहित कॉलेज सोमवार से खुलेंगे। फिलहाल स्कूल 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए ही खोला गया है। कक्षा 9 से 12 के नागौर जिले में 733 सरकारी तथा 838 निजी स्कूल हैं। इनमें 3 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं।

वहीं बीआर मिर्धा कॉलेज सहित जिले की 10 सरकारी और निजी कॉलेजों का संचालन भी सोमवार से होगा। दरअसल, कक्षा 9 से 12वीं तक की बच्चों को पहले चरण में स्कूल बुलाया गया है। जिसे लेकर स्कूल संचालकों ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों व संस्थाप्रधानों ने कक्षा-कक्षों में सैनेटाइजेशन करने और साफ-सफाई के साथ बच्चों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे इसके लिए बैठक व्यवस्था में भी विशेष बदलाव किए हैं। वहीं कक्षा एक से 8वीं तक के विद्यार्थियों को शिक्षक ऑनलाइन पढ़ाई करवाएंगे।

टाइम-टेबल

10वीं व 12वीं सुबह 9.30 बजे से 3:30 बजे व 9वीं व 11वीं के स्कूल सुबह 10 बजे से 4 बजे तक चलेंगे।
अभिभावक ध्यान दें
- अगर बच्चा बीमार है तो उसे ठीक होने तक स्कूल ना भेेजें।
- स्कूल आने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए मास्क अनिवार्य है, पहनकर ही पहुंचे।
- पीने के पानी की बोतल साथ में लेकर जाएं। बच्चाें को चाहिए कि सोशल डिस्टेंस बनाए रखें।

कक्षा-9 से 12 तक

  • 733 सरकारी स्कूल
  • 106109 नामांकन
  • 838 निजी स्कूल
  • 2 लाख से ज्यादा नामांकन