बृज विश्वविद्यालय : अब एफएम रेडियो पर लगेंगी क्लासेज, रोज प्रसारित होंगे लेक्चर

बृज विश्वविद्यालय : अब एफएम रेडियो पर लगेंगी क्लासेज, रोज प्रसारित होंगे लेक्चर

कोरोनाकाल में मोबाइल पर ऑनलाइन स्टडी से ऊब चुके कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय की क्लासेज अब सामुदायिक एफएम रेडियो पर लगेंगी। यहां रोजाना लेक्चर प्रसारित किए जाएंगे। दावा है कि प्रदेश में यह पहली यूनिवर्सिटी होगी जो अपना निजी रेडियो स्टेशन बनाने जा रही है।

इसके लिए आवेदन कर दिया गया है। वित्त समिति की मीटिंग में 30 लाख रुपए के बजटीय प्रावधान को भी मंजूरी मिल गई है। परीक्षाओं के तुरंत बाद लाइसेंस सहित रेडियो स्टेशन बनाने की प्रक्रिया में तेजी आ जाएगी। चूंकि हाल ही में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 300 नए कम्युनिटी रेडियो स्टेशन खोलने का ऐलान किया है। इसलिए संभावना है कि हमें मंजूरी जल्द ही मिल जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रारंभिक तौर पर दिसंबर में प्रसारण शुरू करने की डेडलाइन तय की है। इसके लिए डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. एके पांडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक निकटवर्ती आगरा विश्वविद्यालय अपना रेडियो स्टेशन चलाता है। यहीं से आइडिया लेकर कोरोना संक्रमण से शैक्षिक गतिविधियों पर आए असर को देखते हुए बृज विश्वविद्यालय ने भी अपना रेडियो स्टेशन चलाने का निर्णय लिया है।