स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लेकर सीएम गहलोत का बड़ा फैसला करोड़ों तक कर दी इनामी राशि

स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लेकर सीएम गहलोत का बड़ा फैसला करोड़ों तक कर दी इनामी राशि

प्रदेश में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक अहम निर्णय लिया है। प्रदेश में अब ओलंपिक एशियाई और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने पर 3 से 4 गुना तक इनामी राशि को बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नए आदेशों के मुताबिक अब ओलंपिक में स्वर्ण जीतने पर खिलाड़ी को 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

पहले यह राशि 75 लाख रुपये थी। ओलंपिक में रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 50 लाख से 2 करोड़ कर दिया गया है। कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ करने की मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ खेल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये, रजत पदक जीतने पर इनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 70 लाख और कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर युवा मामले और खेल विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इस निर्णय से प्रदेश में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। राज्य में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से कई फैसले किए गए हैं।