अगले साल से कार खरीदना महंगा: मारुति, टाटा सहित 10 कंपनी बढ़ाएंगी कीमत; जानिए किस ब्रांड में कितने प्रतिशत तक होगी वृद्धि

मारुति सुजुकी, टोयोटा, स्कोडा और टाटा जैसी कई कार कंपनियां जनवरी 2022 से अपने मॉडलों की कीमत बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। हालांकि कार कंपनियों के लिए साल की शुरुआत में कीमत बढ़ाना कोई नई बात नहीं है। कीमत बढ़ाने की वजह सभी कंपनियों ने एक्सचेंज रेट में उतार-चढ़ाव और रॉ मटेरियल की बढ़ती इनपुट कॉस्ट को बताया है। तो चलिए उन सभी कंपनियों पर एक नजर डालते हैं जो अगले साल से कीमत बढ़ाने वाली हैं।
1.मारुति सुजुकी
मारुति सुजुकी ने सबसे पहले जनवरी 2022 से कार की कीमतों को बढ़ाने का फैसला लिया है। बढ़ी हुई कीमतें सभी मारुति एरिना और नेक्सा मॉडल पर लागू होंगी, हालांकि यह मॉडल वाइज अलग-अलग होंगी। जबकि मारुति ने अभी तक मॉडल के अनुसार मूल्य वृद्धि की घोषणा नहीं की है, उम्मीद है कि 31 दिसंबर से पहले अपडेटेड कीमतों का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि 2021 में ही मारुति ने अपने मॉडलों की कीमत में 3 बार बढ़ा चुकी है। कंपनी ने पहली बार जनवरी में, दूसरी अप्रैल में और तीसरी बार सितंबर में कीमत बढ़ाई थी।
2.होंडा
होंडा भी अगले महीने से अपने मॉडलों की कीमतों को बढ़ाने वाली है। कंपनी का कहना है कि वह बढ़ते इनपुट और कमोडिटी की कॉस्ट पर स्टडी करने के बाद तय करेगी कि वह व्हीकल्स पर खर्च होने वाले कॉस्ट का कितना हिस्सा कस्टमर पर डालेगी। आने वाले दिनों में ऑफिशियल घोषणा की उम्मीद है। कीमतों में बढ़ोतरी से भारत में होंडा के सभी मॉडलों पर असर पड़ने की उम्मीद है।

3.टाटा मोटर्स
टाटा मोटर्स ने भी जनवरी 2022 से वाहनों के अपने पूरे पोर्टफोलियो में कीमत बढ़ाने की घोषणा की है। इसमें कॉमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल्स शामिल हैं। टाटा ने अपने कॉमर्शियल व्हीकल्स के लिए 2.5% बढ़ाई है। उनके सभी मॉडलों पर लागू होगा इसमें इलेक्ट्रिक और ICE पावर्ड और नई लॉन्च हुई टाटा पंच भी शामिल होगी। वहीं कंपनी ने पैसेंजर में कितनी कीमत बढ़ाई जाएगी इस बात का खुलासा नहीं किया है।
4.रेनो
रेनो भी जनवरी से अपने व्हीकल्स की कीमत को बढ़ाने पर विचार कर रही है। रेनो के भारत में अभी चार मॉडल बिकते हैं। इनमें क्विड, ट्राइबर, कीगर और डस्टर शामिल हैं।

5.टोयोटा
सभी टोयोटा वाहनों की कीमतें भी जनवरी 2022 से महंगी हो जाएंगी। टोयोटा ने भी मॉडल वाइज कीमतों को बढ़ाने की घोषणा नहीं की है, लेकिन यह जरूर कहा है कि यह सभी मॉडलों पर लागू होगी। जिनकी कीमतों में मॉडल के अनुसार अंतर होने की उम्मीद है। भारत में टोयोटा अभी इनोवा क्रिस्टा, फॉर्च्यूनर और बैज-इंजीनियर अर्बन क्रूजर और ग्लैंजा बेचती है।

6.स्कोडा
स्कोडा की भारत में बिकने वाले मॉडल कुशाक, ऑक्टेविया और सुपर्ब की कीमत जनवरी 2022 से 3% तक बढ़ जाएंगी। कंपनी का कहना है कि उसने 2021 में अपने मॉडलों की कीमतों को सिर्फ एक बार बढ़ाया है।

7.वोक्सवैगन
वोक्सवैगन ने बताया है कि वह 1 जनवरी 2022 से पोलो, वेंटो और ताइगुन पर 2 से 5% तक की कीमतों में बढ़ोतरी करेगी। इसने भी अभी तक मॉडल वाइज कीमत बढ़ाने की घोषणा नहीं की है। हालांकि, हाल ही में लॉन्च किए गए वोक्सवैगन टाइगुन फेसलिफ्ट को कीमत बढ़ाने के दायरे से बाहर रखा गया है।

8.सिट्रोजेन
भारत में सिट्रोजेन का एकमात्र मॉडल - C5 एयरकॉस की एक्स-शोरूम कीमत में 3% की बढ़ोतरी होगी। यह दो महीने में दूसरी बार होगा जब C5 एयरक्रॉस की कीमत बढ़ेगी। जो पिछली बार इस साल नवंबर में हुई थी, जहां कार की कीमत में 1.30 लाख रुपए तक की वृद्धि की गई थी। C5 एयरक्रॉस की भारत में कीमत 31.30 लाख से लेकर 32.80 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) तक है।

9.मर्सिडीज बेंज
मर्सिडीज-बेंज ने चुनिंदा मॉडलों पर 2% की वृद्धि की घोषणा की है, हालांकि कंपनी कुछ मॉडलों पर मूल्य सुरक्षा प्रदान कर रही है। मर्सिडीज ने स्पष्ट किया है कि जिन ग्राहकों ने अपने MY2021 मॉडल बुक किए हैं और उनकी डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें बुक किए जाने पर कीमत पर मिलेगा। इसके अतिरिक्त, जो ग्राहक 31 दिसंबर तक A-क्लास, GLA और ई-क्लास जैसी कारों की चुनिंदा रेंज बुक करते हैं, उन्हें भी मूल्य सुरक्षा की पेशकश की जाएगी।
10.ऑडी
ऑडी अपने पूरे मॉडल्स पोर्टफोलियो पर 3% की कीमत बढ़ाई है। अन्य सभी कारों की कंपनी की तरह ऑडी ने भी कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे बढ़ती इनपुट कॉस्ट को माना है।