संचालकों में दिखा उत्साह: 31 दिसंबर को रात 12.30 बजे तक खुल सकेंगे होटल, होटलों में म्यूजिक नाइट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और डीजे नाइट का आयोजन

संचालकों में दिखा उत्साह: 31 दिसंबर को रात 12.30 बजे तक खुल सकेंगे होटल, होटलों में म्यूजिक नाइट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और  डीजे नाइट का आयोजन

नई गाइडलाइन जारी होने के बाद होटल संचालकों में उत्साह है। गाइडलाइन के मुताबिक 31 दिसंबर को रात 12.30 बजे तक होटल खुल सकेंगे। नए साल के लिए पहले से बुकिंग करा चुके लोगों ने भी इस पर खुशी जताई है। अलवर के होटल संचालकों ने नए साल के जश्न के लिए कई तैयारियां कर रखी हैं।

इस बार दिल्ली और हरियाणा के लोग भी नए साल का जश्न मनाने अलवर आ रहे हैं, क्योंकि वहां कोरोना के चलते इन आयोजनों पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। अलवर के होटलों में म्यूजिक नाइट, सांस्कृतिक कार्यक्रम व डीजे नाइट का आयोजन किया जाएगा। अकबरपुर के पास स्थित एक होटल के जनरल मैनेजर ने बताया कि नए साल को लेकर हमारे होटल में बुकिंग फुल है। एडवांस बुकिंग कराने वालों में ज्यादातर लोग दिल्ली व हरियाणा के हैं। यहां 31 दिसंबर को डीजे नाइट का आयोजन होगा। इसके लिए कपल्स के लिए स्पेशल ऑफर भी दिया जा रहा है। कटी घाटी स्थित एक होटल के संचालक ने बताया कि इस बार नए साल को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। हमारे यहां 31 दिसंबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम व डीजे नाइट का आयोजन किया जाएगा।

इसके लिए लोग पहले से ही बुकिंग करा चुके हैं। स्पेशल डिनर की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार सिलीसेढ़ स्थित आरटीडीसी हाेटल के जनरल मैनेजर केसर सिंह शेखावत ने बताया कि हाेटल में 11 कमरे हैं। एक जनवरी तक सभी कमरे बुक हैं। सरिस्का स्थित हाेटल टाइगर डेन में भी अच्छी बुकिंग हुई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक हाेटल के डायरेक्टर ने बताया कि ज्यादातर कमरे बुक हैं। इनके अलावा शहर के अन्य होटलों में नए साल का जश्न मनाया जाएगा।