परीक्षा पर कोरोना कहर: बोर्ड परीक्षाएं 15 मई के बाद होमवर्क बुक के आधार पर मूल्यांकन के 20 प्रतिशत नंबर
देशभर में कोरोना का कहर दिनों दिन बड़ रहा है और इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर देखने को मिल रहा हैं। ऐसे में दिसंबर में स्कूली बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं होती हैं लेकिन इस बार कोरोना के चलते 31 दिसंबर तक स्कूल बंद हैं। स्कूल कब तक खुलेंगे, इस बारे में फिलहाल तय नहीं है। ऐसे हालात को देखते हुए शिक्षा विभाग ने इस सत्र के लिए नई व्यवस्था लागू की है। वहीं, परीक्षाओ के पैटर्न में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। इस बार कोविड-19 के चलते विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं नहीं होगी।
वार्षिक परीक्षा के आधार पर ही बच्चों को अगली क्लास में प्रमोट किया जाएगा। बोर्ड परीक्षाएं 15 मई के बाद होंगी। अन्य परीक्षाएं विभाग की ओर से निर्धारित समयावधि में कराई जाएंगी। निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर सौरभ स्वामी ने सत्र 2020-21 के लिए स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा की गाइडलाइन जारी की है।
शिक्षा विभाग ने जारी गाइडलाइन में 9वीं से 12वीं कक्षा तक वार्षिक परीक्षा के 80% अंक लिखित परीक्षा के लिए निर्धारित किए गए हैं। जबकि 20% आंतरिक मूल्यांकन के अंक इस बार होमवर्क बुक में किए गए कार्य के आधार पर मिलेंगे। होमवर्क बुक परीक्षा से पहले संबंधित स्कूलो में विद्यार्थियों को जमा करानी होगी। वहीं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने भी बोर्ड कक्षाओं के पाठ्यक्रम को संक्षिप्त किया है। परीक्षाएं इसी संशोधित पाठ्यक्रम के आधार पर होंगी।


