कोविड-19: चिकित्सा विभाग जिले में संक्रमण को रोकने के लिए रोजाना 5335 सैंपल लेगा
कोरोना को लेकर चिकित्सा विभाग सतर्क हो गया है ऐसे में कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए चिकित्सा विभाग अब रोजाना 5335 सैंपल लेगा। जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव मिले व्यक्ति को होम आइसोलेशन किया जाएगा। जिससे अलवर जिले में पिछले 22 दिन में कोरोना का ग्राफ घटकर रोजाना 50 से 55 मरीजों तक सिमट रह गया है। सीएमएचओ डॉ. ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि कोविड मरीजों की जल्द से जल्द पहचान कर तुरंत इलाज करने के लिए सैंपलिंग की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे आबादी में से जल्द कोरोना संक्रमितों की पहचान की जा सके। साथ ही बताया की अस्पतालों को दिए गए प्रतिदिन सैंपल के लक्ष्य के साथ इसको पूरा किया जायेगा।
750 बैड के जिला अस्पताल की कोरोना ओपीडी में 350 सैंपल लिए जाएंगे।100-100 बैड की बहरोड़ और तिजारा सीएचसी में रोजाना 100-100 सैंपल, 75 बैड की राजगढ़ सीएचसी में 75 सैंपल, 50 बैड की भिवाड़ी सीएचसी में 200 सैंपल, 50-50 बैड के सैटेलाइट हॉस्पिटल काला कुआं व खैरथल में 50-50 सैंपल, 50-50 बैड की किशनगढ़बास, रामगढ़, थानागाजी, बानसूर व खेड़ली सीएचसी में 50-50 सैंपल, 30-30 बैड की 30 अन्य सीएचसी में 30-30 सैंपल, 6-6 बैड की 121 पीएचसी में 20-20 सैंपल, 6-6 बैड की 8 शहरी पीएचसी में 30-30 सैंपल लिए जाएंगे।


