माहेश्वरी का निधन: कोविड प्रोटोकॉल के तहत माहेश्वरी का अंतिम संस्कार किया जायेगा

माहेश्वरी का निधन: कोविड प्रोटोकॉल के तहत माहेश्वरी का अंतिम संस्कार किया जायेगा

किरण माहेश्वरी के निधन पर उदयपुर व राजसमंद में शोक की लहर छा गई। देश-प्रदेश व स्थानीय नेताओं और भाजपा पदाधिकारियों ने उनके निधन पर दु:ख जताया। उल्लेखनीय है कि भाजपा की दिग्गज महिला नेता 59 वर्षीय किरण के पिछले दिनों कोविड पॉजिटिव आने के बाद से उनका मेदांता हॉस्पिटल में उपचार चल रहा था। उनके फेफड़े में संक्रमण ज्यादा फैल गया और बीती रात उनका निधन हो गया था।

पूर्व मंत्री व राजसमन्द से भाजपा विधायक किरण माहेश्वरी के अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव देह को उनके अम्बामाता क्षेत्र स्थित निवास पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए परिवारजनों को पीपीई किट पहनाकर अन्तिम दर्शन कराया गया।

किरण माहेश्वरी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, विधानसभा स्पीकर डॉ. सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया आदि ने दु:ख व्यक्त किया।