महंगाई पर फिर मार: सीएम गहलोत ने पेट्रोल-डीजल रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
जयपुर: कोरोना महामारी के चलते आम आदमी को इस महंगाई के मार ने उनकी जरूरत के सामान में बढ़ोतरी से उनकी जिन्दगी अस्त व्यस्त कर दी है ऐसे में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र की मोदी सरकार पर एक बार फिर निशाना साधते हुए हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि कोरोना महामारी के दौर में केंद्र सरकार द्वारा डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोत्तरी करने से आम आदमी को ही मारा जा रहा है।
देश में जब सरकार यूपीए की थी, उस दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल थी। लेकिन पेट्रोल, डीजल के दाम 70 रुपए प्रति लीटर थे। मोदी सरकार के कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 50 डॉलर प्रति बैरल से भी कम पहुंच गई है। लेकिन, मोदी सरकार डीजल, पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ा रही ही है। जब देश के किसी राज्य में चुनाव होते हैं तो केंद्र सरकार डीजल, पेट्रोल के दामों को स्थिर कर देती है लेकिन चुनाव खत्म होते ही पुन: दाम बढ़ा देती है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रसोई गैस के दामों में कल 50 रुपए की बढ़ोत्तरी से केन्द्र सरकार ने आमजन का बजट बिगाड़ दिया है। केंद्र सरकार ने रसोई गैस सब्सिडी को खत्म कर दिया है। जिससे उज्ज्वला योजना में कनेक्शन पाने वाले गरीब लोग भी अपना सिलेंडर रिफिल नहीं करा पा रहे हैं। इस लिए मोदी सरकार से निवेदन है कि जल्द ही पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दामों को कम करे जिससे आम जनता को राहत मिल सके।


