सूरतगढ़ थर्मल प्लांट को किसानों ने घेरा, दो जुलाई को कोल-लाइन जाम करने का अल्टीमेटम

किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर थर्मल प्लांट पहुंचे। उन्होंने थर्मल प्लांट को घेरकर जमकर नारेबाजी की।

सूरतगढ़ थर्मल प्लांट को किसानों ने घेरा, दो जुलाई को कोल-लाइन जाम करने का अल्टीमेटम

श्रीगंगानगर में पानी की मांग पर किसानों ने सूरतगढ़ थर्मल पावर प्लांट का घेराव कर लिया है। हजारों किसानों ने  प्लांट को चारों तरफ से घेर लिया। किसान सिंचाई की पानी की मांग कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार आसपास के गांवों से बड़ी तादाद में किसान ट्रैक्टर ट्रालियों और गाड़ियों में भरकर थर्मल गेट पर पहुंचे। किसानों के थर्मल घेराव के ऐलान के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। आंदोलन कर रहे किसानों से दोपहर दो बजे प्रशासन ने वार्ता की कोशिश की लेकिन किसान नहीं माने। किसान नेताओं ने जिला कलेक्टर से वार्ता करने की मांग रखी। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जिला कलेक्टर से वर्चुअल बैठक की बात कही लेकिन किसान नेता धरनास्थल पर ही वार्ता की मांग दोहराते रहे।

किसान वार्ता की संभावना न होते देख सभा स्थल से थर्मल के लिए रवाना हुए। किसानों ने थर्मल का घेराव कर लिया। प्रशासन की समझाइश के बाद किसान शांत हुए लेकिन उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने की घोषणा कर दी। प्रशासन को जल्द मांगे पूरी नहीं होने पर अल्टीमेटम भी दे दिया कि दो जुलाई को प्लांट की कोल लाइन पर कब्जा करेंगे।