जेईएन भर्ती परीक्षा रद्द:पेपर आउट होने के बाद बोर्ड ने परीक्षा निरस्त की 31 हजार परीक्षार्थी हुए थे शामिल

Dec 30, 2020 - 05:30
Dec 30, 2020 - 05:31
जेईएन भर्ती परीक्षा रद्द:पेपर आउट होने के बाद बोर्ड ने परीक्षा निरस्त की 31 हजार परीक्षार्थी हुए थे शामिल

प्रदेश के विभिन्न शहरों में 6 दिसंबर को हुई जेईएन भर्ती परीक्षा को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने निरस्त कर दिया। बोर्ड अब इस परीक्षा को नए सिरे से करवाएगा। बोर्ड ने पेपर लीक होने के कारण इस परीक्षा को रद्द किया है। अब आगे परीक्षा कब होगी, इसके लिए बोर्ड अलग से डेट और शेड्यूल जारी करेगा। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. बी.एल. जाटावत ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

बोर्ड की ओर से 533 जेईएन पदों पर भर्ती के लिए जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर और उदयपुर में 6 दिसंबर को परीक्षा आयोजित करवाई थी। इसमें कुल 31,752 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद से ये विवाद उठने लगा था कि परीक्षा का पेपर लीक हुआ है। इसको लेकर छात्र संगठन ABVP ने बोर्ड कार्यालय और विश्वविद्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इतना ही नहीं राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने इसको लेकर रैली निकाली थी और परीक्षा रद्द कराने की मांग की थी।