किसान से ट्रांसफार्मर बदलने पर 28 हजार रुपये की घूस लेते लाइनमैन गिरफ्तार

किसान से ट्रांसफार्मर बदलने पर 28 हजार रुपये की घूस लेते लाइनमैन गिरफ्तार

अलवर में बिजली विभाग का एक कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ा गया। एंट्री करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार को बानूसर कस्बे से बिजली विभाग के लाइनमैन सुनील कुमार को 28 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी लाइनमैन सुनील कुमार ने किसान से उसके खेत में ट्रांसफार्मर बदलवाने के एवज में रिश्वत मांगी थी। 

एसीबी के डीएसपी सलेह मोहम्मद ने बताया कि बानसूर के परसा का बास गांव निवासी किसान टेकचंद्र के खेत में 25 हार्स पॉवर का ट्रांसफॉर्मर लगा हुआ है। जबकि स्वीकृत भार के अनुसार खेत में 16 हार्स पॉवर का ट्रांसफॉर्मर होना चाहिए। स्वीकृत भार से अधिक भार का ट्रांसफॉर्मर होने के कारण टेकचंद्र ने ट्रांसफॉर्मर को बदलवाना चाहता था। ताकि किसी तरह का जुर्माना नहीं चुकाना पड़े। लाइनमैन सुनील कुमार ने 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इस काम के लिए बुधवार को लाइनमैन ने बानसूर कस्बे के सुभाष चौक पर 28 हजार रुपए की रिश्वत ली। इस दौरान मौके पर ही मौजूद एसीबी की टीम ने लाइनमैन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी जेब से रिश्वत की राशि के 28 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। एसीबी के अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज करने के बाद आगे की जांच की जा रही है।

किसान टेकचंद्र ने एसीबी को शिकायत में बताया कि गलती से उसके खेत में अधिक भार का ट्रांसफार्मर लग गया था। इसलिए, उसने लाइनमैन सुनील कुमार से उसे बदलने की बात कही थी। इस पर सुनील कुमार ने किसान को दबाव बनाते हुए जुर्माना लगाने की धमकी दी। लाइनमैन सुनील ने कहा कि अगर रिश्वत नहीं देगा तो उसे भारी जुर्माना चुकाना पड़ेगा।