नाबालिग को डरा धमकाकर छेड़छाड़ की, अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी

नाबालिग को डरा धमकाकर छेड़छाड़ की, अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी

नाबालिगों से छेड़छाड़ करते हुए उनके अश्लील फोटो खींचने के बाद वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले जिले के पांचौड़ी तथा खींवसर में सामने आए हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार खींवसर थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की एक छात्रा 30 सितंबर को अपने परिजन के साथ थाने पहुंची और उसने तीन आरोपियों पर छेड़छाड़ करते हुए अश्लील फोटो खींचने और उनको वायरल करने की धमकी देने के आरोप का मामला दर्ज कराया।

इसमें पुलिस ने छेड़छाड़ एवं पोक्सो की धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए शुक्रवार को पीड़िता का मेडिकल कराया और शनिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के बयान दर्ज करवाए। थाना प्रभारी बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट में तीन नामजद आरोपी हैं। रिपोर्ट अनुसार वारदात कुछ दिन पुरानी बताई गई है, तीन आरोपी एकराय होकर उसके घर में घुसे और नाबालिग को डरा धमकाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद उसके अश्लील फोटो खींच लिए और अब आरोपियों की ओर से उनको वायरल करने की धमकी दी जा रही है।

इधर, नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में एक अक्टूबर को पांचौड़ी थाना पुलिस ने दो-तीन आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ तथा पोक्सो एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी मोहम्मद निसार ने बताया कि एक अक्टूबर को एक नाबालिग ने रिपोर्ट में बताया कि वारदात वर्ष 2019 की है। गांव के ही दो-तीन आरोपियों ने उसको पहले तो खेत पर यह कहकर बुलाया कि वे उसको ककड़ी, मतीरा खिलाएंगे। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए उसके फोटो खींच लिए।

अब आरोपियों की ओर से फोटो को वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। उक्त दोनों ही प्रकरणों में पुलिस उप अधीक्षक की ओर से अनुसंधान किया जा रहा है।