डीग के गांवों में भी जल्द पहुंचेगा चंबल का मीठा पानी, एसडीएम ने दिए निर्देश
क्षेत्र अंतर्गत कई गांवों के ग्रामीण आज भी चंबल पेयजल परियोजना में पानी की समस्या से जूझ रहे है। चंबल के मीठे पानी की उपलब्धता के साथ परियोजना अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के दौरान हो रहीं समस्याओं के निराकरण को लेकर आए दिन बार-बार आ रहीं शिकायतों के बाद बुधवार को उपखंड मुख्यालय पर उपखंड अधिकारी हेमंत कुमार ने विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में चंबल परियोजना से जुडे अधिकारियों के साथ बैठक ली।
एसडीएम ने परियोजना से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ गांव-घर पानी की सुचारू रूप से आपूर्ति करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायतों में चंबल लाइन नहीं डाले जाने, पीएसपी का सही तरीके से आवंटन नहीं करने, पानी की टंकी नहीं बनने, पीएसपी पर पानी के नहीं पहुंचने सहित पाइप लाइन डाले जाने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने जैसे जनहित के मुद्दों पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान की मांग रखी। उपखंड अधिकारी ने समस्याओं के त्वरित गति से निराकरण करने के साथ शिकायतों का सर्वे रिपोर्ट तैयार कर मौके पर ही निस्तारण करने के लिए चंबल परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया।


