अब एक और बंदी ने लगाया वसूली के लिए सेवर जेल में मारपीट का आरोप
भरतपुर: सेवर सेंट्रल जेल में अवैध वसूली के लिए बंदियों और कैदियों के साथ मारपीट एवं प्रताड़ना की शिकायतें बढ़ती जा रही हैं। अब एक और बंदी ने जेल कर्मियों पर 50 हजार रुपए की अवैध वसूली के लिए मारपीट करने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी हरियाणा का शार्प शूटर हिमांशु सोलंकी मोबाइल उपलब्ध करने के बदले बकाया 5000 रुपए नहीं देने पर मारपीट करने के मामले का खुलासा कर चुका है। उसकी शिकायत के बाद एक जेल प्रहरी केशवदेव शर्मा गिरफ्तार भी हुआ था। इसमें जेल प्रशासन की मिलीभगत भी सामने आई थी।
अब ताजा खुलासा राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में बंद रहे बयाना के समोगर निवासी स्कूल संचालक पुरुषोत्तम किराड़ ने मीडिया में इसका खुलासा किया है। दरअसल, वह डिस्कॉम के लाइनमैन के साथ मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में सेवर जेल में बंद रहा था। शुक्रवार को ही उसे बयाना सब जेल से जमानत पर रिहा किया गया है। किराड़ का आरोप है कि सेवर जेल में मोटी रकम लेकर सुविधाएं उपलब्ध कराने और अवैध वसूली के लिए बंदियों के साथ मारपीट करना आम बात है।


