मंत्री का एक्शन: भरतपुर में बीच शहर बने गेट का मुआयना करने पहुंचे मंत्री गर्ग, जर्जर हाल देखकर कहा- तुरंत रास्ता बंद करो

Jan 24, 2021 - 09:19
Jan 24, 2021 - 09:22
मंत्री का एक्शन: भरतपुर में बीच शहर बने गेट का मुआयना करने पहुंचे मंत्री गर्ग, जर्जर हाल देखकर कहा- तुरंत रास्ता बंद करो
भरतपुर विधायक व चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री सुभाष गर्ग ने शुक्रवार सुबह जर्जर नारायण गेट का निरीक्षण किया। इसके बाद कलेक्टर को फोन पर निर्देश दिए।

भरतपुर शहर के बीच आम रास्ते पर बना नारायण गेट पूरी तरह जर्जर हो चुका है। हालत इतनी खराब है कि किसी भी समय यह गिर सकता है। इसी का मुआयना करने रविवार सुबह चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री तथा स्थानीय विधायक डॉ. सुभाष गर्ग नारायण गेट पहुंचे।

गेट की हालत देखकर वे चौंक गए। स्थानीय नागरिकों से इसकी हालत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लोगों को भी कहा कि जब इसकी हालत इतनी खराब है तो आपको यहां डर नहीं लगता। यह तो कभी भी गिर सकता है। लोगों ने बताया कि इसकी शिकायत पहले भी की जा चुकी है। जब कोई रास्ता नहीं निकला तो आप तक जानकारी भिजवाई गई।

मंत्री ने गेट की हालत देखकर कलेक्टर नथमल डिडेल को निर्देश दिए कि यह दरवाजा किसी भी समय धराशायी हो सकता है। ऐसी स्थिति में किसी भी समय कोई जान माल का नुकसान हो सकता है। उन्होंने इसे तुरंत ठीक कराने को कहा और यह भी निर्देश दिए कि जब तक यह ठीक नहीं हो जाए, रास्ता डायवर्ट किया जाए। कोई किसी हादसे का इंतजार कैसे कर सकता है।