साैंदर्यीकरण डीग में भी बनेंगे भरतपुर जैसे सेल्फी प्वाइंट, चौराहों पर दिखेंगे सारस

साैंदर्यीकरण डीग में भी बनेंगे भरतपुर जैसे सेल्फी प्वाइंट, चौराहों पर दिखेंगे सारस
मेला मैदान में महाराजा जवाहर सिंह, शहीद स्मारक और भरतपुर रोड पर लगेगी 1000 किलो वजनी महाराजा सूरजमल की प्रतिमाएं, 3 महीने में होगा काम

जल महलों के लिए विख्यात डीग कस्बे में भी अब भरतपुर जैसा सौंंदर्यीकरण होगा। शहीद स्मारक और भरतपुर रोड प्रवेश द्वार पर जहां 1000 किलो वजनी महाराजा सूरजमल की प्रतिमा लगेगी। जबकि मेला मैदान में महाराजा जवाहर सिंह की प्रतिमा लगाई जाएगी। आई लव डीग के सेल्फी प्वाइंट बनेंगे। विभिन्न चौराहों पर अलग-अलग मुद्राओं में इंडियन सारस और मोर नजर आएंगे।

इसके लिए नगर पालिका ने 148 लाख रुपए की कार्य योजना तैयार की है। यह काम अगले 3 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। दरअसल, स्थानीय विधायक और पूर्व देवस्थान एवं पर्यटन मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने डीग कस्बे के सौंदर्यीकरण के लिए यह प्लान बनाया था। इसमें चौराहों के कायाकल्प के साथ ही डीग-भरतपुर रियासत की आन-बान-शान बढ़ाने वाले राजा-महाराजाओं की मूर्ति स्थापित करने के साथ ही सेल्फी प्वाइंट और चौराहों पर साइबेरियन सारस एवं झूमते-नाचतेे मोरों की आकृति लगाना शामिल है।

कनिष्ठ अभियंता आशीष कुमार मौर्य ने बताया कि इन निर्माण कार्यों में ग्रेनाइट के साथ स्टील रेलिंग का उपयोग किया जाएगा। इन कामों के टेंडर हो चुके हैं। संबंधित एजेंसी को जल्दी ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा। काम पूरा करने की अवधि 3 माह रखी गई है। कस्बे में एफआरपी से बने 5 साइबेरियन सारस एक पहाड़ पर विभिन्न मुद्राओं में दर्शाया जाएगा। इनके साथ ही कुछ चौराहों पर एफआरपी से बने मोरों की नाचती हुई आकृति भी दिखेगी।
गोपाल सागर और नेहरू पार्क में बनेंगे दो सेल्फी पाइंट
जल महलों में सूरज भवन के पास पश्चिमी द्वार के बाहर गोपाल सागर किनारे 4 फीट ऊंचाई का लाइटिंग वाले अक्षरों के साथ आई लव डीग का सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। इसके बैकग्राउंड में पानी में जलमहलों की प्रतिकृति भी दिखेगी। जबकि दूसरा सेल्फी प्वाइंट नेहरू पार्क में स्टील के अक्षरों से बनेगा। इन दोनों पर 3 लाख रुपए की लागत आएगी।

साढ़े आठ फुट ऊंची होंगी प्रतिमाएं सूरजमल की प्रतिमा
भरतपुर रोड प्रवेश द्वार पर महाराजा सूरजमल की घोड़े पर सवार और पुराना बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक पर उनकी प्रतिमा 6 सिपाहियों के साथ होगी। इनमें भरतपुर रोड़ वाली मूर्ति की ऊंचाई 8.5 फुट और शहीद स्मारक वाली मूर्ति की ऊंचाई 7 फीट होगी। इसी तरह मेला मैदान स्थित जवाहर सर्किल पर घोड़े पर सवार महाराजा जवाहर सिंह की मूर्ति लगाई जाएगी। इसका वजन भी 1000 किलो और ऊंचाई 8.5 फुट होगी।

डीग कस्बे में बढ़ेंगे पर्यटक, रोजगार भी बढ़ेगा; शर्मा
^पूर्व मंत्री विश्वेन्द्र सिंह का फोकस डीग को पर्यटन के नक्शे पर उभारने में है। जल महल देखने के लिए यहां देशी-विदेशी पर्यटक तो आते ही हैं। अब सौंदर्यीकरण होने के बाद घरेलू पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। इससे कस्बे में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पर्यटन विकास के लिए 148 करोड़ रुपए की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
मनीष शर्मा, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका डीग