ओमिक्रॉन को हराना है अब मास्क में नजर आए स्कूली बच्चे, एक प्राइवेट स्कूल को कारण बताओ नोटिस
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के डूंगरपुर और जयपुर में हमले के बावजूद स्कूलों में बच्चों की हैल्थ के प्रति लापरवाही को लेकर दैनिक भास्कर की खबर के बाद बुधवार को अफसर और स्कूल चौकन्ने नजर आए। शिक्षा विभाग की टीमों ने कुछ स्कूलों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के डर से स्कूल प्रशासन ने भी मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर सख्ती की।
इसलिए ज्यादातर स्कूलों में छोटे बच्चे भी मास्क लगाए हुए नजर आए। क्लास रूम में भी सोशल डिस्टेंस दिखी। इस दौरान एक प्राइवेट स्कूल को लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस भी दिया गया। हालांकि पिछले 68-70 दिन में कोविड का कोई नया केस नहीं मिला है। भास्कर टीम ने दूसरे दिन भी शहर के कई स्कूलों का अवलोकन किया।
सांवल प्रसाद चतुर्वेदी रामावि रेलवे में अधिकांश बच्चे और शिक्षक मास्क लगाए हुए नजर आए। महाराजा बदन सिंह राउमावि में लंच के दौरान भी बच्चे मास्क में इधर-उधर खेलते दिखे। लेकिन, टीचर्स ने मास्क नहीं लगा रखा था। प्रधानाचार्य खुद भी बिना मास्क ग्राउंड में बैठे थे। मा. आदित्येन्द्र उमावि में प्रधानाचार्य समेत अधिकांश बच्चे मास्क में दिखे।
जिलास्तरीय अफसर अब रोज करेंगे जांच
भास्कर की खबर के बाद शिक्षा विभाग के जिला और ब्लॉक स्तरीय अफसर बुधवार सुबह ही स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। सीडीईओ साहब सिंह ने राउमावि लुहेसर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय सतवाड़ी, सहायक निदेशक भीम सिंह ने प्राथमिक स्कूल अमरुका, राउमावि तिलकपुरी, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह ने मा. आदित्येन्द्र उमावि भरतपुर, चिकसाना, एडीओ श्याम सिंह सागर ने नदबई, नगर, एडीओ नीलिमा छाबड़ा ने विशाल उमावि चिकसाना का निरीक्षण किया। विशाल उमावि में कोविड-19 का पालन नहीं पाने पर नोटिस दिया गया। यहां ना तो सोशल डिस्टेंस थी और ना ही बच्चों ने मास्क लगाए हुए थे। इन अधिकारियों की नियमित चैकिंग के लिए ड्यूटी लगाई गई है।
महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज क्वारेंटाइन सेंटर के लिए रिजर्व
सीएमएचओ डॉ. मनीष चौधरी के मुताबिक कोरोना और नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से निबटने के लिए जिला स्तर पर तैयारियां कर ली गई हैं। पिछले एक सप्ताह से सैंपलिंग बढ़ाई गई है। पॉजिटिव रोगियों को आरबीएम में भर्ती किया जाएगा। महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज को क्वारेंटाइन सेंटर के लिए तैयार कर लिया है। मेवात में वैक्सीनेशन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल वैक्सीन, मास्क और 2 गज दूरी ही बचने का एकमात्र उपाय है।
इधर, अमित शाह की रैली में पहुंचा बदमाश पॉजिटिव
इधर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली में रविवार को जयपुर गया भरतपुर का 20 वर्षीय बदमाश कोरोना पॉजिटिव निकला है। रेलवे स्टेशन के पीछे रणजीत नगर कच्ची बस्ती में रहने वाले इस बदमाश के घर जब मेडिकल टीम गई तो उसके पिता ने कहा कि- वह उनके लिए मर चुका है। यहां नहीं रहता है। जयपुर पुलिस ने उसे बूंदी के एक संदिग्ध अपराधी के साथ पकड़ा था। लेकिन, अगले दिन कोरोना जांच के लिए सैंपल देकर छोड़ दिया। उन दोनों की रिपोर्ट अब पॉजिटिव आई है।


