केरल में रनवे से हजार मीटर पहले टैक्सी-वे पर ही उतर गया था विमान
newslight
- केरल विमान हादसा : विमान का ब्लैक बॉक्स, वायस रिकॉर्डर मिला
- भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण ने कहा-पहले प्रयास में पायलट नहीं देख सका रनवे
- मृतकों का आंकड़ा 18, केंद्र-राज्य सरकार ने किया 10-10 लाख मुआवजे का एलान
भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने केरल विमान हादसे का कारण तेज बारिश के कारण कम दृश्यता होना बताया है। एएआई ने कहा, कोझीकोड एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान रनवे से 1000 मीटर पहले टैक्सी-वे पर ही जमीन से टकरा गया था। इसके बाद 2700 मीटर का रनवे पार कर खाई में गिरा और दो टुकड़ों में बंट गया। वहीं, शुक्रवार शाम हुए इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई। इस बीच, विमान का ब्लैक बॉक्स और कॉकपिट वायस रिकॉर्डर (सीवीआर) भी मिल गया है।
हाजीपुर डैडी कर के जोहड़ में तीन बहनों की हुई मौत नरेगा में कार्य करने आए थे माता-पिता (यह भी पढ़ें)
एएआई प्रवक्ता ने शनिवार को बताया, दुबई से आई एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स-1344) को रनवे संख्या 28 पर उतरना था। उस दौरान पूरे एयरफील्ड पर तेज बारिश होने से दृश्यता कम थी और पायलट पहले प्रयास में रनवे नहीं देख सका। इसके बाद पायलट ने रनवे-10 पर उतरने की इजाजत मांगी। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) के हवाले से एएआई प्रवक्ता ने बताया, दूसरे प्रयास में विमान टैक्सी-वे के पास ही उतर गया। जो रनवे-10 की शुरुआत से करीब 1000 मीटर पहले है।
इस दौरान दृश्यता करीब 2000 मीटर थी। रनवे की कुुुल लंबाई 2700 मीटर है। प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार आधी रात तक बचाव कार्य पूरा हो गया था और शनिवार तड़के तीन बजे से हवाई अड्डे का संचालन शुरू हो गया। गौरतलब है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 191 लोग सवार थे, जिन्हें वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से वापस लाया गया था।


