सीकर को संभाग बनाने का इंतजार बढ़ा:नीमकाथाना को जिले बनाने का फैसला भी बाद में, फुटबॉल और बास्केटबॉल एकेडमी होगी शुरू

सीकर को संभाग बनाने पर अब कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद ही फैसला लिया जाएगा। यह बात सीएम अशोक गहलोत ने अपने बजट भाषण में कही। गहलोत ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल का आखिरी बजट पेश किया। इसमें सीकर में स्पोर्ट्स,प्रशासनिक और सुरक्षा की दृष्टि से कई बड़ी घोषणा की गई है। लक्खी मेले के दौरान खाटूश्याम आने वाले श्रद्धालुओं को किराए में 50 परसेंट की छूट की घोषणा की है।

सीकर गहलोत के सबसे नजदीकी माने जाने वाले और सत्ताधारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गृह जिला है। सीकर को संभाग बनाने की उम्मीद यहां के लोगों को थी। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने खुद इस बारे में कई बार गहलोत से बात की थी। वकीलों ने भी लंबे समय तक आंदोलन किया। हाल में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने गहलोत को पत्र लिखा था। मगर अब इस पर फैसला आगे आने वाले दिनों में ही होगा। नीमकाथाना को जिला बनाने को लेकर भी अभी कोई फैसला नहीं लिया गया है।

मिनी सचिवालय के लिए नहीं मिला बजट
सीकर की दूसरी सबसे बड़ी मांग मिनी सचिवालय के लिए बजट जारी करने की थी। साल 2022 के बजट में सीएम अशोक गहलोत ने मिनी सचिवालय के लिए डीपीआर बनाने की घोषणा की थी। संबंधित अधिकारियों ने डीपीआर बना तो दी लेकिन उसका बजट ज्यादा था। हाल में जिला प्रभारी मंत्री शकुंतला रावत ने कहा कि यह डीपीआर वापस बनाई जाएगी। इस बार बजट में मिनी सचिवालय के लिए बजट नहीं मिला।

बजट में सीकर के लिए अलग-अलग क्षेत्रों की गई घोषणा पढ़िए...

एज्यूकेशन क्षेत्र में घोषणा

  • सीकर जिले में यूथ हॉस्टल बनाया जाएगा। इसकी लागत करीब 75 करोड़ रुपए होगी। जिसकी क्षमता 100 लोगों की होगी।
  • सावित्री बाई फुले वाचनालय डिजिटल लाइब्रेरी के साथ बनाया जाएगा।
  • अजीतगढ़ में गर्ल्स कॉलेज खुलेगा।
  • पॉलिटेक्निक कॉलेज में नॉन इंजीनियरिंग यूनिट शुरू होगी।
  • नीमकाथाना और धोद में आईटीआई खोलेगी।

मेडिकल पर रहा फोकस

  • सीकर के मेडिकल कॉलेज में 30 करोड़ की लागत से ट्रोमा सेंटर बनाया जाएगा।
  • लक्ष्मणगढ़ के उप जिला हॉस्पिटल को जिला हॉस्पिटल में क्रमोन्नत किया जाएगा।
  • नेछवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जिला हॉस्पिटल में क्रमोन्नत किया जाएगा।
  • दांतारामगढ़ के मदनी में प्राथमिक स्वास्थ्य प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।
  • कोटड़ा,बराल और देवगढ़ के उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवर्तित किया जाएगा।

बजट में पशुओं का भी रखा ध्यान

  • सीकर के रुलाना में पशु चिकित्सा उप केंद्र खोला जाएगा।
  • खंडेला इलाके के कोटडी लुहारवास और ठिकरिया के पशु हॉस्पिटल को प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया।
  • धोद,लक्ष्मणगढ़ में प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है।
  • पशुपालन ट्रेनिंग सेंटर और वेटरनरी कॉलेज खोला जाएगा।

सड़क-बिजली-पानी

  • सीकर जिले में करीब 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से नीमकाथाना,सीकर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में और सड़कों की रिपेयरिंग,कंस्ट्रक्शन का काम होगा।
  • नेछवा में इंडस्ट्रियल एरिया डवलप किया जाएगा।
  • लक्ष्मणगढ़ और श्रीमाधोपुर में 45- 45 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और ड्रेनेज का काम होगा।
  • सीकर के कटराथल में 132kv का नया सब स्टेशन और नीमकाथाना के मंडोली में 33/11 केवी का जीएसएस बनाया जाएगा।
  • फतेहपुर में बिजली विभाग का एक्सईएन ऑफिस खोला जाएगा।
  • लक्ष्मणगढ़ में लव-कुश वाटिका डवलप की जाएगी।

खेल

  • दांतारामगढ़ में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा
  • कोलिड़ा में फुटबॉल एकेडमी और सीकर में बास्केटबॉल एकेडमी शुरू होगी

कोर्ट और पुलिस

  • खंडेला और अजीतगढ़ में पुलिस डीवाईएसपी ऑफिस खोले जाएंगे।
  • नीमकाथाना की डाबला चौकी को पुलिस थाने में परिवर्तित किया जाएगा।
  • खंडेला के होद में नई पुलिस चौकी बनाई जाएगी।
  • सीकर में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट कोर्ट
  • अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट
  • सीकर सिटी में अतिरिक्त एडीएम ऑफिस खोलने की घोषणा
  • फतेहपुर नगर पालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत किया गया है।

अन्य

  • खाटूश्याम मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज की साधारण और एक्सप्रेस बसों में किराए में 50 परसेंट की छूट मिलेगी।
  • सीकर में फूडपार्क खोला जाएगा।
  • धोद में कृषि उपज मंडी खोली जाएगी।