अगस्त तक की बारिश का औसत पूरा, शहर में 1 सितंबर की सुबह तक कुल 285 एमएम बारिश दर्ज की लेकिन जलाशयों में नहीं पहुंचा पानी
शहर में पिछले तीन-चार दिन से मानसून मेहरबान है और अगस्त तक मानसून की कुल बारिश का औसत पूरा हाे गया है, लेकिन शहर की प्यास बुझाने वाले दोनों ही जलाशयों में बारिश का पानी नहीं आया है। शहर में 1 सितंबर की सुबह तक कुल 285 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, वहीं कायलाना व तखतसागर में 206 एमसीएफटी पानी ही भरा हुआ है, जबकि हर साल इस समय तक दोनों जलाशयों में 25 से 30 एमसीएफटी बारिश के पानी की आवक हो जाती है।
इससे पीएचईडी काे भी राहत मिलती है और गर्मियों में होने वाले क्लोजर के दौरान भी शहर में जल संकट नहीं गहराता है। ऐसे में पानी का लेवल बढ़ाने के लिए पीएचईडी हर पखवाड़े पानी की कटौती कर रहा है। पीएचईडी के सिटी एसई नक्षत्रसिंह ने बताया कि तेज बारिश नहीं हाेने से दोनों जलाशयों में बरसात का पानी नहीं आया है।


