भरतपुर के कुम्हेर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार कर घायल किया, डेढ़ लाख रुपए लूटे

Nov 10, 2020 - 03:59
Nov 10, 2020 - 04:07
भरतपुर के कुम्हेर में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार कर घायल किया, डेढ़ लाख रुपए लूटे

(राहुल सिंह फौजदार)। भरतपुर जिले में कुम्हेर कस्बे के नदबई-कुम्हेर रोड पर बीती रात दो अज्ञात बाइक सवार बदमाश गांव बांसरोली के समीप मामडौली निवासी एक युवक को गोली मारकर एक लाख पचास हजार रुपये लूटकर भाग गए। गोली लगने से युवक घायल हो गया।

कुम्हेर थाना अधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि रात्रि में मामडोली थाना उच्चैन, निवासी मानसिंह पुत्र उदयसिंह सीकरी कस्बे से फर्नीचर लेकर अपने गांव जा रहा था। नदबई-कुम्हेर रोड पर गांव बांसरोली के समीप बाइक सवार दो बदमाशों ने धक्का देकर पीड़ित युवक को जमीन पर गिरा दिया और गोली मारकर घायल कर दिया। बदमाश युवक से डेढ़ लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।

सूचना पर नदबई थाना पुलिस और कुम्हेर थाना पुलिस मौके पर पहुंचीं, लेकिन घटनास्थल कुम्हेर थाना क्षेत्र का होने के कारण मामला थाना कुम्हेर पर दर्ज करवाया गया। घायल युवक को सीएचसी नदबई पर भर्ती कराया गया जहां से जयपुर रैफर कर दिया गया।