वारदात:आशीर्वाद होटल में चली गोली, साले को मरवाने के लिए भेजे थे भाड़े के बदमाश

वारदात:आशीर्वाद होटल में चली गोली, साले को मरवाने के लिए भेजे थे भाड़े के बदमाश

बाड़ी रोड पर जिला कलेक्ट्रेट से मात्र 500 मीटर की वारदात

होटल मालिक घायल, बहन का आरोप, उसके पति ने कराया हमला 

बाड़ी रोड पर स्थित आशीर्वाद होटल में शुक्रवार को दिनदहाड़े होटल मालिक पर दो युवकों ने फायरिंग कर दी जिसमें होटल मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर निहालगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे हायर सैंटर रैफर कर दिया। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

बाड़ी रोड पर कलेक्ट्रेट से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित आशीर्वाद होटल के रिसेप्शन पर बैठे होटल संचालक रजत मित्तल को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने गोली मार दी। हमलावर होटल में फायरिंग कर दहशत फैला कर फरार हो गए। होटल संचालक की बहन ने अपने पति अनूप सिंघल पर हमला कराने के आरोप लगाया है।

मामला यूं है कि आशीर्वाद होटल संचालक रजत मित्तल शुक्रवार को रिसेप्शन पर बैठा था। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश बाइक को होटल के सामने खड़ी कर अंदर आ गए। जहां रिसेप्शन पर संचालक रजत को बैठा देख एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर उसको गोली मार दी। अचानक गोली चलने से होटल सहित आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। होटल में फायरिंग कर बदमाश मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना होटल में तैनात कर्मचारियों ने निहालगंज थाना पुलिस को दी। सूचना पर हैडकांस्टेबल अशोक सिकरवार जाब्ता के साथ मौके पर पहुंचे जहां से घटना जानकारी

उच्चाधिकारियों को दी। थाना प्रभारी बाबूलाल गुर्जर ने बताया कि होटल संचालक एवं उसके जीजा के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसे लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। पीडित ने हत्या के प्रयास का

मामला दर्ज कराया है।

पुराने विवाद के कारण किया हमला

होटल संचालक रजत मित्तल और जीजा अनूप सिंह में पुराना विवाद चला आ रहा है। कोर्ट में शिवानी मित्तल और अनूप सिंघल के तलाक का मामला विचाराधीन हैं। पुराने विवाद को लेकर पूर्व में भी रजत पर हमला हुआ था। बताया जा रहा है शुक्रवार को हुए हमले को लेकर शिवानी ने पुलिस को अपने पति अनूप सिंघल द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।