बाल विवाह की सूचना देने वाले को मिलेगा 500 रुपए का पुरस्कार

बाल विवाह की सूचना देने वाले को मिलेगा 500 रुपए का पुरस्कार

बाल कल्याण समिति ने शुरू की अनूठी पहली, सूचना देने वाले का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा

चोरी छिपे नाबालिग बच्चों की शादियां करवा जा दी जाती हैं। जिससे शादियों के बाद ससुराल में विवादों की स्थिति बनने पर नाबालिग मजबूरन मायके आती हैं और गर्भवती होने पर बालिकाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिले में नाबालिग गर्भवती के कई मामले सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति अध्यक्ष रवि पचौरी और सदस्य गिरीश गुर्जर ने बाल विवाह रोकने के लिए अनूठी पहल की है। जिसके तहत अब बाल विवाह होने की सूचना देने वाले को 500 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

अध्यक्ष रवि पचौरी ने बताया कि बाल विवाह की सूचना देने वाले का नाम गोपनीय स्तर पर रखा जाएगा। बाल विवाह को रोकने के लिए अब लोगों को अपनी भागीदारी निभानी पड़ेगी, क्योंकि जो लोग जागरूक नहीं है, वे नाबालिग बेटियों की शादी करवा देते हैं, जिसके कारण नाबालिग बेटियों को तमाम प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जिले में शादी के बाद कई गर्भवती नाबालिग के मां बनने के बाद उनकी परेशानियों को देखते हुए बाल विवाह को रोकने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। जिले में बाल विवाह करवाने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है।

सदस्य गिरीश गुर्जर ने बताया कि अक्सर सामने आया है कि ग्रामीण इलाकों में चोरी-छिपे बालक-बालिकाओं के विवाह करवा दिए जाते हैं। एेसे में इस बार गांवों में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने वाली टीम यह भी रिकाॅर्ड तैयार कर रही है, जिनके परिजन शादी करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

चितौरा में बाल विवाह की सूचना, समिति ने कौलारी एसएचओ को रोकने के दिए निर्देश
कौलारी थाना क्षेत्र के चितौरा गांव में 5 अक्टूबर को एक नाबालिग बालक-बालिका की शादी होने की सूचना मिली है। जिसके बाद समिति सदस्य गिरीश गुर्जर ने चाइल्ड लाइन की टीम को मौके पर भेजा। जहां पर परिजनों ने नाबालिगों के दस्तावेज दिखाने से मना कर दिया है। जिसके बाद समिति सदस्य ने कौलारी एसएचओ को मामले की जानकारी कर बाल विवाह को रुकवाकर माता-पिता को पाबंद करने के निर्देश दिए हैं।