3 साल में पूरा नहीं हुआ चंबल पाइप लाइन डालने का कार्य, कई गांव पानी से वंचित
तीन वर्ष से अधूरी पड़ी चंबल परियोजना की पाइप लाइन के कार्य को पूरा करने की मांग को लेकर भोपाल की अगुवाई में हिंगोली, जौदेला के ग्रामीणों ने जौदेला चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि अस्तावन की ओर से बिरहरु, पचौरा के लिए जाने वाली चंबल पाइप लाइन का कार्य तीन साल से अधूरा पड़ा हुआ है कई बार अधिकारियों को अवगत कराएं जाने के बाद भी अधूरे पड़े इस कार्य को पूरा नही करने से बिरहरु, दहवा,पचौरा, हीगौली जौदेला सहित एक दर्जन गांव में पीने के पानी की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है।
ग्रामीणों को पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए मंहगे दामों में टेंकरो के जरिए पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की अधिक जरूरत होने के ग्रामीणों को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अगर चंबल परियोजना की पाइपलाइन का कार्य पूरा होकर पीने के लिए मीठा पानी आ जाए तो अन्य कार्यों के लिए तो खारे पानी से व्यवस्था की जा सकती है। परंतु इन क्षेत्रों में ना पीने के लिए मीठा पानी है और ना ही खारे पानी की व्यवस्था है जिससे लोगों को पानी की अधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस मौके पर रमेश विजय सिंह पतरी, भोली, मुकेश रवि, सोनू सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे।


