उदयपुर: सीएम गहलोत कल आरएनटी के नए ओपीडी ब्लॉक, लेक्चर थिएटर, हॉस्टल समेत 64 करोड़ के कामों का ई-उद्घाटन करेंगे
उदयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार दोपहर 12 बजे आरएनटी मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित ओपीडी इन्वेस्टिगेशन ब्लॉक, लेक्चर थिएटर, जूनियर बॉयज हॉस्टल, रेजीडेंट हॉस्टल और वायरल डायग्नोस्टिक रिसर्च लेबोरेट्री का ई-उद्घाटन करेंगे। प्रिंसिपल डॉ. लाखन पोसवाल ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने सीएम गहलोत के हाथों करीब 64 करोड़ की लागत से तैयार इन सुविधाओं के ई-उद्घाटन कराने की तैयारी कर ली है।
दूसरी ओर, कॉलेज परिसर में 159 करोड़ लागत से बने प्रधानमंत्री सुपर स्पेशियलिटी विंग का ई-उद्घाटन अब केंद्र और राज्य सरकार के तालमेल के बीच फंस गया है। दरअसल, इस विंग के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 130 करोड़ रुपए दिए थे। ऐसे में सीएम गहलोत बुधवार को इसका बिना केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के ई-उद्घाटन नहीं करेंगे। इधर, आरएनटी प्रशासन ने गत 4 जून से ही सुपर स्पेशियलिटी के ई-उद्घाटन की पूरी तैयारी कर रखी है।


