राष्ट्रीय बालिका दिवस: बेटियों ने कराटे में दम-खम दिखा दिया संदेश-जब संकट आए ताे हिम्मत से काम लें
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला अधिकारिता विभाग की ओर से रविवार को हाेटल स्वरूप विलास में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं ने सामाजिक कुरीतियाें पर प्रहार किया ताे वहीं कराटे प्रतियोगिता में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। साथ ही कविताएं सुनाई, नृत्य किया और बेटियों द्वारा की जा रही देश सेवा काे दर्शाया।
इस कार्यक्रम में छाेटी बच्चियाें से लेकर काॅलेज में पढ़ रहीं बेटियों तक ने अपना हुनर दिखाया। ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी पीछे नहीं रही। इस दौरान जिले में 10वीं व 12वीं में अच्छे अंक प्रतिशत से पास हुई बालिकाओं का सम्मान भी किया गया। साथ ही सशक्त बालिका उज्ज्वल भविष्य की थीम पर आधारिक कार्यक्रम पेश किया गया।
करीब दाे घंटे की देरी से शुरू हुए इस कार्यक्रम में कलेक्टर नन्नूमल पहाड़िया दाेपहर 12.11 बजे पहुंचे। उनके साथ ही जिला परिषद के सीईओ जसमीत सिंह संधू भी पहुंचे। मुख्य अतिथि श्रम राज्य मंत्री टीकाराम जूली दाेपहर 1.01 बजे पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत में बालिकाओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए कराटे के दांव-पेंच दिखाए और यह संदेश दिया कि जब संकट आए ताे हिम्मत से काम लें और बुरी नजर रखने वालाें काे धूल चटा दें।
इसके बाद छाेटी-छाेटी बालिकाओं ने नृत्य से शक्ति का पूजन किया। जय गणेशा देवा गणपति वंदना की। नाटक बेटी पर फक्र का मंचन किया गया। बेखाैफ आजाद रहना है मुझे गीत पर भी खूब तालियां बजीं। इसके बाद साेनिया मीणा ने कविता और रितिका ने गीत प्रस्तुत किया।
इस माैके पर ग्रामीण परिवेश की रचना ने इंगलिश में कविता सुना कर संदेश दिया कि मुझे बाहर की प्यारी दुनिया देखनी है। अन्य कार्यक्रम भी पेश किए गए। महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ऋषिराज सिंगल ने अतिथियाें का स्वागत किया। संचालन काेमल बांगा ने किया।
एक वर्षीय 11 बालिकाओं का जन्मदिन मनाया
बालिका दिवस पर अपना पहला एक साल पूरा कर रहीं 11 बालिकाओं का जन्मदिन मनाया गया। इस माैके पर यह भी संदेश दिया गया कि बालिका के जन्म पर खुशियां मनाएं और मिठाई बांटें। इस माैके पर मंत्री जूली ने माही नाम की एक साल की बच्ची को गाेद में लेकर केक कटवाया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ ली
इस माैके पर श्रम राज्य मंत्री, कलेक्टर, जिला परिषद सीईओ, नगर परिषद सभापति बीना गुप्ता, एडीएम प्रथम रामचरण शर्मा, एडीएम सिटी उम्मेदी लाल मीणा, कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष याेगेश मिश्रा सहित कार्यक्रम में माैजूद सभी व्यक्तियाें ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की शपथ ली।
इन बालिकाओं का हुआ सम्मान
10वीं कक्षा में अव्वल रही कठूमर की करीना, थानागाजी की आरती शर्मा, राजगढ़ की साेनिया मीणा, चेतना सैनी, डिंपल याेगी, कताेपुर की ईशा कुमारी व मुस्कान यादव, बहराेड़ की ममता शर्मा को सम्मानित किया गया। भाेंकर की रिया शर्मा व आरती शर्मा कार्यक्रम में नहीं आई। 12वीं कक्षा में अव्वल रही बीबीरानी की गजल तंवर, सिलारपुर की खुशी यादव, बहराेड़ की प्रतिभा, शेरपुर की अंशिका यादव, किशनगढ़बास की दीक्षा बत्रा, नीमराना की कीर्ति मिश्रा व खैरथल की प्रिया जाटव काे भी सम्मानित किया गया।
इसी तरह बालिका शिक्षा पर पाेस्टर बनाने वाली बानसूर की डाेलिका शेखावत, अलवर की थविका, किशनगढ़बास की कशिश काेटवानी, किशाेरी स्वास्थ्य पर पाेस्टर बनाने वाली खैरथल की कनिष्का सूठवाल, अलवर की यदिति अराेड़ा व बानसूर की कीर्ति शर्मा तथा लिंग भेद पर पाेस्टर बनाने वाली अलवर की पूर्वा, तिजारा की प्रतिभा चाैहान व किशनगढ़बास की दिव्यांशी वर्मा काे सम्मानित किया गया।


