ग्रामीणों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन:फायरिंग मामले में आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ने और शेष आरोपियों को पकड़ने की मांग

ग्रामीणों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन:फायरिंग मामले में आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ने और शेष आरोपियों को पकड़ने की मांग

रामसिंहपुरा,मानका में रविवार रात हरियाणा के पांच बदमाशों द्वारा ग्रामीणों के साथ मारपीट, लूटपाट और फायरिंग की घटना के बीच दो बदमाशों को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया था। उसके बाद पुलिस ने मामले में आरोपियों पर आर्म्स एक्ट नहीं जोड़ने और शेष तीन लोगों की गिरफ्तारी नहीं करने के साथ पकड़े गए आरोपियों को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार किए जाने से जमानत पर रिहा हो जाने के विरोध में दोनों गांवों के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरपंच गोविन्द बाल्मीकि के नेतृत्व में शाजापुर थाने पर प्रदर्शन किया।

सूचना पर पीसीसी सचिव ललित यादव, जिला पार्षद संदीप फौलादपुरिया, छात्रसंघ अध्यक्ष रहे रमेश तक्षक समेत जनप्रतिनिधियों का भी जमावड़ा लग गया। मौजूद जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से समझाइश कर पुलिस अधिकारियों को मामले में सही जांच करने की बात कही। थानाधिकारी विक्रमसिंह चौधरी ने ग्रामीणों को घटना से जुड़े सबूत प्रस्तुत कर जांच में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। मारपीट से चोटिल ग्रामीणों का मेडिकल कराने, फायरिग का सबूत और गवाही दिलाने में पुलिस का सहयोग करने पर आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं भी जोड़ने की बात कही।

पंच राकेश कश्यप, पूर्ण सिंह, उम्मेद सिंह, ताराचंद चौधरी, कमल सिंह चौधरी, जलेसिंह, लक्ष्मीकांत मीणा, राकेश चौधरी, सत्येन्द्र चौधरी, करतार चौधरी, नरेश चौधरी, नरेश फौजी, राजेश शर्मा, ईश्वर मीणा, सुबे मीणा, राजेश मीणा, पूर्ण शर्मा समेत ग्रामीण थाने पहुंच हंगामा किया।