सब्जियां फलों से भी महंगी, हरी मिर्च के भाव सेब से 25 प्रतिशत ज्यादा
सोशल मीडिया पर चलने वाली झूठ कितनी नुकसानदायक होती है इसे सब्जी मंडी के भावों से समझ सकते हैं। जुलाई-अगस्त में सोशल मीडिया पर फिर से लॉकडाउन होने की झूठी पोस्टों से किसान चिंता में रहे और सब्जियों की बुवाई कम की। क्योंकि आशंका थी कि मूवमेंट नहीं होने से भाव नहीं मिलेंगे और लोकल मंडी करनी होगी। फलस्वरूप इस सीजन में सब्जियों की आवक एक तिहाई तक कम है।
इस कारण सब्जियां फलों से महंगी हैं। हाल ये है कि सब्जियों के साथ मुफ्त में मिलने वाली हरी मिर्च और धनियां सबसे महंगे फल सेब को भी मात दे रहे हैं। हरी मिर्च 80 से 100 रुपए किलो बिक रही है, जबकि सेब 60 से 80 रुपए किलो। हरे धनिये के आगे तो दूर-दूर तक कोई नहीं है। हरा धनिया 250 से 300 रुपए किलो है। बाकी अन्य सब्जियों के भावों भी औसतन 30 से 40 रुपए किलो हैं, जबकि केले का भाव 20 से 25 रुपए किलो है।
कुम्हेर गेट सब्जी मंडी संघ के अध्यक्ष पिंटू सिंह का कहना है कि भावों के बढ़ने का प्रमुख कारण सब्जियों के कम पैदावार है। किसानों ने मानसून सीजन में सब्जियों की बुवाई कम की। क्योंकि सोशल मीडिया पर लगातार लॉकडाउन लगने का हल्ला था। ऐसे में मंडियों के लिए मूवमेंट नहीं होने और सही भाव नहीं मिलने की आशंकाओं से किसान बुवाई के प्रति उदासीन रहे।
परिणाम स्वरूप मंडी में काफी कम सब्जी आ रही है। इन दिनों करीब 20 टन सब्जी की आवक है, जबकि आवश्यकता दोगुने से ज्यादा की है। उल्लेखनीय है कि मार्च-अप्रैल-मई तक के लॉकडाउन में सब्जियों के भाव काफी काबू में रहे थे। उस समय अधिकांश सब्जियां 20 से 30 रुपए किलो थी।
एक सप्ताह में बढ़े डेढ़ गुना भाव
सब्जियों के भाव एक सप्ताह में तेजी से बढ़े हैं, क्योंकि मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश से सब्जी की पैदावार कम है। इसलिए एमपी, यूपी सहित एनसीआर और दिल्ली में सब्जियों की मांग बढ़ जाने से अच्छे दाम मिल रहे हैं। इसलिए बडे़ किसान बाहर की मंडी कर रहे हैं। मसलन, तोरई में 20 रुपए, बैंगन में 15 रुपए की तेजी आई है।
सब्जियों के भाव
हरी मिर्च 80-100 रुपए किलो, हरा धनिया 250-300, फूल गोभी 60-80, तोरई 50, पत्ता गोभी 40, शिमला मिर्च 80, टमाटर 40, सेम की फली 40, अरबी 30, खीरा 30, नींबू 40, लाैकी 30, भिंडी 30, बैंगन 30, आलू 35 रुपए किलो।
फलों के रेट
सेब 60-80 रुपए किलो, केला 20-25, पपीता 40, अनार 80, मौसमी 40, चीकू 60, अनानास 40, संतरा 80, सीताफल 80 रुपए किलो।


