पुलिस गश्त में लापरवाही का असर बाइक सवार बदमाशों ने शिक्षक से छीना मोबाइल
पुलिस गश्त में लापरवाही के चलते कस्बे में मोबाइल स्नेचर गिरोह लगातार सक्रिय बना हुआ है। सोमवार रात कस्बे के पंचायत समिति तिराहे के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाश फिर एक शिक्षक का 15 हजार कीमत का एंड्रॉयड मोबाइल झपट्टा मारकर छीन ले गए। घटना को लेकर पीड़ित ने पुलिस में लिखित शिकायत दी है।
कस्बे के मीराना तिराहे के पास रहने वाले और दिल्ली में सरकारी शिक्षक भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे वह पंचायत समिति तिराहे से अपने घर की तरफ मोबाइल पर बात करते हुए आ रहा था। तभी देवी मंदिर के सामने पीछे से बाइक पर बैठ कर दो युवक आए। जिन्होंने नकाब पहना हुआ था। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से फोन छीन लिया भूपेंद्र ने शोर मचाते हुए कुछ दूर तक बाइक सवार युवकों का पीछा भी किया। लेकिन युवक बाइक को गांधी चौक की तरफ तेजी से भगा ले गए। गौरतलब है कि कस्बे में इस तरह मोबाइल स्नेचिंग की घटनाएं आम होती जा रही है। बदमाश पुलिस को खुली चुनौती देते दिख रहे हैं।


